किश्तवाड़ कर्फ्यू: गृह राज्य मंत्री किचलू का इस्तीफा स्वीकार
श्रीनगर। जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को राज्य के गृह राज्य मंत्री सज्जाद अहमद किचलू का इस्तीफा स्वीकार कर लिया। यह जानकारी आधिकारिक सूत्रों ने दी है। उमर ने किचलू का इस्तीफा राज्यपाल एनएन वोहरा के पास भेज दिया है। किचलू ने इसके पहले संवाददाताओं को बताया कि वह उमर को अपना इस्तीफा सौंपने जा रहे हैं। किचलू किश्तवाड़ कस्बे से संबंध रखते हैं और वह 87 सदस्यीय विधानसभा में किश्तवाड़ सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं।
किश्तवाड़ कस्बे में पिछले सप्ताह सांप्रदायिक दंगे भड़क गए थे। किश्तवाड़ के सांप्रदायिक माहौल को ठीक से न संभाल पाने के लिए किचलू की काफी आलोचना हुई है। किचलू ने यहां संवाददाताओं से कहा कि वह उमर से मिलने जा रहे हैं और अपना इस्तीफा उन्हें सौंप देंगे।

गृह मंत्रालय का प्रभार उमर के पास ही है। किचलू ने हालांकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा उनका इस्तीफा मांगे जाने के अधिकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा, "क्या नरेंद्र मोदी ने गुजरात दंगों के बाद इस्तीफा दिया था।"












Click it and Unblock the Notifications