परमाणु क्षमता वाली पृथ्वी-2 बैलेस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण
भुवनेश्वर। भारत ने सोमवार को ओडिशा के एक सैन्य ठिकाने से सतह से सतह वार करने वाली स्वदेश निर्मित और परमाणु क्षमता सम्पन्न मिसाइल 'पृथ्वी-2' का सफल परीक्षण किया। स्वदेश निर्मित इस बैलिस्टिक मिसाइल की मारक क्षमता 350 किलोमीटर है। राजधानी भुवनेश्वर से 230 किलोमीटर दूर बालासोर जिले के चांदीपुर में समुद्र में स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज से इसका परीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि मिसाइल का परीक्षण भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा नियमित प्रशिक्षण अभ्यास के रूप में किया गया। उच्च तकनीक से लैस इस मिसाइल के बारे में डीआरडीओ के अधिकारी ने बताया कि यह परीक्षण सुबह 9:20 बजे हुआ। इसका परीक्षण भारतीय सेना द्वारा सामान्य ट्रेनिंग कार्यक्रम के तहत किया गया। मिसाइल बंगाल की खाड़ी में अपने सटीक निशाने पर लगी।
मिसाइल परीक्षण निदेशक एमवीकेवी प्रसाद ने बताया कि परीक्षण 100 प्रतिशत सफल रहा। 43.5 किलोमीटर की उचाई तक जाने वाली यह मिसाइल अपने साथ 500 किलोग्राम तक युद्धक सामग्री ले जा सकती है।













Click it and Unblock the Notifications