टोपी की ‘मुराद’, तो गीता पर ‘रज़ा’ क्यों नहीं?
अहमदाबाद। उन्हें ये जिद थी कि हम बुलाते, हमें ये उम्मीद वो पुकारे... अगर तुम न होते फिल्म के गीत की इस पंक्ति पर ठहर जाया जाए, तो दुनिया चल सकेगी? यह गीत आज हिन्दी फिल्मों में खलनायक और चरित्र अभिनेता के तौर पर काम करने वाले कलाकार रज़ा मुराद के ताज़ा बयान ने याद दिला दिया। रजा मुराद ने बड़े ही सलीके से एक बात कह दी और वह प्रसिद्धि तथा मीडिया में जगह पा ली, जो सैकड़ों फिल्में करने के बाद भी उनके नसीब नहीं हुई थी। निशाना तो उन्होंने बनाया नरेन्द्र मोदी को, लेकिन नाम लेने का साहस न कर सके।
रजा मुराद ने यह तीर उस मंच से छोड़ा, जहाँ शिवराज सिंह मौजूद थे। शिवराज सिंह रजा के बयान पर चुप्पी साधे रहे। उनकी अपनी राजनीतिक मजबूरी हो सकती है, परंतु भारतीय संस्कृति और अवधारणा के विशाल परिप्रेक्ष्य में देखा जाए, तो रजा का यह बयान न केवल बचकाना है, अपितु एक कलाकार की हैसियत से बेवजह भी है।

रजा मुराद ने यह बयान उसी मध्य प्रदेश में दिया है, जहाँ कुछ ही दिन पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह मानव जाति के कल्याण के प्रतीक समान ग्रंथ गीता को लेकर विवाद में आ गए थे। विवाद को बढ़ते देख शिवराज ने मध्य प्रदेश के स्कूलों में गीता पठन के अपने फैसले को वापस ले लिया। रजा मुराद और गीता विवाद को जोड़ने का तात्पर्तय यही है कि यदि रजा मुराद किसी हिन्दू से मुस्लिम टोपी पहनने की मुराद रख सकते हैं, तो फिर मध्य प्रदेश में गीता पर रज़ा क्यों न हो सकी? क्यों कुछ मुस्लिम संगठनों ने शिवराज सिंह को इस अहम फैसले को वापस लेने के लिए विवश कर दिया।
क्या आपसी भाईचारा और सहिष्णुता केवल एक पक्ष से ही चल सकती है। यदि टोपी पहनने से ही किसी के धर्मनिरपेक्ष होने का प्रमाण मिलता है, तो फिर वंदे मातरम् और गीता जैसे पवित्र तथा मानव कल्याण रूपी ग्रंथ का विरोध क्या साम्प्रदायिकता का परिचायक नहीं है?


Click it and Unblock the Notifications
