कांग्रेस मंत्रियों ने भी तेलंगाना पर जताया विरोध, देशभर में आंदोलन की धमकी
नयी दिल्ली। अलग तेलंगाना राज्य को भले ही कांग्रेस ने मंजूरी दे दी हो, लेकिन खुद कांग्रेस के मंत्री भी अब इसका विरोध कर रहे है। तटवर्ती आंध्र और रायलसीमा के कई कांग्रेस मंत्रियों ने मुख्यमंत्री एन किरण कुमार रेड्डी से मुलाकात कर तेलंगाना राज्य बनाये जाने के निर्णय का विरोध किया। गैर तेलंगाना क्षेत्र के कई मंत्रियों ने रेड्डी से मुलाकात की। उन्होंने धमकी दी है कि यदि कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश से अलग एक नये राज्य के गठन का निर्णय किया तो वो अपना इस्तीफा दे देंगे। टी जी वेंकटेश, ई प्रताप रेड्डी, जी श्रीनिवास और पी सत्यनारायणा समेत कई दिग्गज मंत्रियों के समूह ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और पार्टी के आलाकमान के निर्णय के परिणामों पर चर्चा की।
वहीं इसके विरोध में आंध्ररायलसीमा क्षेत्र से सत्तारूढ़ दल के करीब दर्जन भर विधायक अपनी सदस्यता से इस्तीफा देने का दावा किया है। तेलंगाना के विरोध में आंध्र एवं रायलसीमा क्षेत्रों में बड़े स्तर पर प्रदर्शन हुए। लोग सड़कों पर उतर आये, रैलियां आयोजित की गयी, प्रदर्शन किये गये, संप्रग नेताओं के पुतले एवं टायर फूंके गये तथा विभिन्न संगठनों ने बंद करवाया।

इस प्रदर्सन और विरोध ने यहां के आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। शिक्षण संस्थान और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान बंद रहे। बसों की आवाजाही रोकने के लिए आंदोलनकारी सड़कों पर धरना देकर बैठ गये। वहीं अलग तेलंगाना राज्य के विरोध में एक होम गार्ड सहित दो लोगों ने विजयनगरम और गुंटूर जिलों में कथित रूप से आत्महत्या कर ली।
प्रदर्शनकारियों ने एक निजी शिक्षण संस्थान और सरकारी कार्यालयों पर हमला किया तथा फर्नीचर को क्षतिग्रस्त कर कुछ निजी वाहनों में आग लगा दी। पूरे आंध्ररायलसीमा क्षेत्रों में शिक्षण संस्थान बंद रहे। तेलंगाना पर हो रहा प्रदर्शन अनंतपुर जिले में उस समय तनावपूर्ण हो गया जब पुलिस ने उन पर पथराव शुरुकर आंसू गैस के गोले छोड़े। नारेबाजी कर रहे सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने अनंतपुर कस्बे में आर्ट कालेज के समीप तथा अन्य जगहों पर पुलिस पर पथराव किया जिसके चलते पुलिस को आंसूगैस के गोले उन पर छोड़ने पड़े।












Click it and Unblock the Notifications