तेलंगाना के गठन में लगेंगे 6 माह : सुशील कुमार शिंदे
नई दिल्ली| केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने गुरुवार को कहा कि आंध्र प्रदेश से अलग तेलंगाना राज्य के गठन की प्रक्रिया पूरी होने में करीब छह माह लगेंगे। शिंदे ने यहां संवाददाताओं से कहा, "नए राज्य तेलंगाना का गठन संविधान के अनुसार होगा। इस प्रक्रिया में साढ़े पांच माह से छह माह तक का वक्त लगेगा।"
उन्होंने कहा, "इस मुद्दे को लेकर कोई सर्वदलीय बैठक नहीं होगी, बल्कि लोग सीधे सरकार को अपनी सलाह दे सकेंगे।" शिंदे ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर पिछले साल 28 दिसंबर को सर्वदलीय बैठक बुलाई थी, जिसमें दो पार्टियों को छोड़कर सभी के बीच आम सहमति बनी थी। शिंदे ने बताया कि उनका मंत्रालय जल्द की इस मुद्दे पर मंत्रिमंडल में प्रस्ताव लाएगा और वहां इसके मंजूर हो जाने के बाद इसे राष्ट्रपति के पास भेजा जाएगा, जो इसे निश्चित समय में मंजूरी के लिए आंध्र प्रदेश विधानसभा के पास भेजेंगे। यह नियत समय क्या होगा, इस बारे में राष्ट्रपति निर्णय लेंगे।
राज्य विधानसभा से पारित हो जाने के बाद प्रस्ताव को फिर राष्ट्रपति के पास भेजा जाएगा, जो इसे संसद में मंजूरी के लिए भेजेंगे। संसद से मंजूरी मिलने के बाद प्रस्ताव को वापस राष्ट्रपति के पास भेजा जाएगा और उनकी स्वीकृति मिलने के बाद नया राज्य अस्तित्व में आएगा। शिंदे ने कहा कि इस प्रक्रिया में आठ से नौ माह का समय लग जाता है, लेकिन इसे शीघ्रता से किया जाएगा, जिसके कारण इसमें साढे पांच माह से छह माह तक का समय लगेगा।
उन्होंने कहा कि अलग तेलंगाना राज्य के गठन पर प्रस्ताव नवंबर में प्रस्तावित संसद के शीतकालीन सत्र में पेश किए जाने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार ने तेलंगाना की पुरानी मांग को लोकसभा चुनाव में राजनीतिक फायदा हासिल करने के लिए पूरी की। हालांकि केंद्र ने इस बात से हमेशा ही इनकार किया है।













Click it and Unblock the Notifications