अगर मुलायम पर बोलने से रोका गया तो छोड़ दूंगा कांग्रेस: बेनी प्रसाद
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। केंद्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा अकसर अपने बयानों को लेकर विवादों में रहते हैं। सबसे रोचक बात ये है कि पता नहीं बेनी बाबू को सपा मुखिया मुलायम सिंह से दुश्मनी क्या है? अभी दो दिन पूर्व बेनी प्रसाद वर्मा ने मुलायम सिंह पर हमला बोलते हुए कहा था कि वो प्रधानमंत्री कार्यलय में झाडू लगाने लायक भी नहीं है। इस बयान को लेकर कांग्रेस ने बेनी प्रसाद वर्मा से खासी नाराजगी दिखाई थी और भविष्य में ऐसा ना करने की चेतावनी दी थी।
मगर उसके तुरंत बाद बेनी प्रसाद वर्मा ने अपनी ही पार्टी को धमकी देते हुए कहा है कि पार्टी ने अगर समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह के खिलाफ बोलने से रोका तो वो कांग्रेस पार्टी को छोड़ देंगे। उल्लेखनीय है कि बेनी प्रसाद वर्मा सपा मुखिया पर आए दिन कोई न कोई बयान देकर सियासी खलबली मचा देते हैं।

बेनी प्रसाद वर्मा ने मंगलवार को कहा था कि प्रधानमंत्री बनने की बात तो एक तरफ सपा प्रमुख मुलायम सिंह, प्रधानमंत्री कार्यालय में सफाई कर्मी के पद के भी योग्य नहीं हैं। बेनी ने यह बात फैजाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान कही थी।
ज्ञात हो कि बेनी के इसी बयान पर समाजवादी पार्टी ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए कांग्रेस से बेनी का इस्तीफा मांग लिया था। जिसके बाद कांग्रेस ने बेनी को चेतावनी दे दी थी। कांग्रेस ने तब इस बयान को कम महत्व देते हुए यह भी कहा था कि यह पार्टी का अंतरूनी मामला है और इसे सुलझा लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications