कांग्रेस शासित प्रदेशों में सांप्रदायिक तनाव पैदा कर सकती है भाजपा: दिग्विजय सिंह
बैंगलोर। अपने विवादास्पद बयानों के लिए अक्सर चर्चा में रहने वाले कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी में कहा है कि भाजपा लोकसभा चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस शासित राज्यों में दंगे करा सकती है। इसलिए राज्य सरकारों को ऐसी किसी भी गड़बड़ी से निपटने के लिए तैयार रहना होगा। उन्होने कहा कि भाजपा को लगता है कि वह बिना सांप्रदायीकरण के चुनाव जीत ही नहीं सकती है।
हाल ही में कर्नाटक के राज्य प्रभारी नियुक्त किये गये दिग्विजय की कर्नाटक में यह पहली बैठक थी। बैठक में दिग्विजय ने पार्टी और राज्य सरकार के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए एक कमेटी का गठन किये जाने की भी बात कही। उन्होने कहा कि पार्टी के कुछ नेताओं को लगता है कि राज्य सरकार अपनी छवि चमकाने के लिए ऐसे निर्णय ले सकती है, जो कि पार्टी के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं, ऐसे में एक कमेटी के द्वारा राज्य सरकार और पार्टी के बीच एक समन्वय स्थापित किया जायेगा।

उन्होने मुख्यमंत्री से चुनाव के दौरान जनता से किये गये वादों को पूरा करने के लिए कहा। उन्होने मुख्यमंत्री से अपील की हैं कि अगर लोकसभा चुनाव जीतना है तो पार्टी को भ्रष्टाचार मुक्त शासन जनता को देना होगा।
वहीं बैठक में मौजूद मुख्यमंत्री के सिद्धारमैया ने कहा है कि उनकी सरकार किसी भी तरह की राजनीतिक गड़बड़ी रोंकने के लिए तैयार है। कर्नाटक में लोकसभा की 28 सीटें है। जिसमें से 2009 के चुनाव में कांग्रेस सिर्फ 6 सीटें जीतने में ही कामयाब हो सकी थी।












Click it and Unblock the Notifications