दिल्ली, यूपी, एमपी, बिहार में होगी भारी बारिश
नई दिल्ली। उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में मंगलवार सुबह बादल छाए तथा राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसम खुशनुमा बना रहा। उत्तर प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ने और तेज धूप निकलने से वातावरण में आद्र्रता बढ़ गई है। दिल्ली, मध्य प्रदेश और बिहार में बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। दिल्ली में सुबह न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिन में बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, "आसमान में बादल छाए रहेंगे और शहर के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है तथा गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।" मानसून के कमजोर पड़ने की वजह से बीते एक सप्ताह से यहां बारिश नहीं हुई है। उत्तर प्रदेश में तेज धूप और उमस से लोग बेहाल हैं। यहां हालांकि सोमवार को कुछ इलाके में सामान्य बारिश हुई थी। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान कई स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है।
लखनऊ में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी का 24 डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद का 25.3 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 23.2 डिग्री सेल्सियस और आगरा का 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिहार के अधिकांश हिस्से में आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने यहां कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने जानकारी दी कि सुबह पटना में न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस, भागलपुर में 29.2 डिग्री सेल्सियस, पूर्णिया में 26.5 डिग्री सेल्सियस और गया में 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्णिया में पिछले चौबीस घंटे के दौरान 9.20 मिलीमीटर, जबकि गया में 0.16 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
इधर, मध्य प्रदेश में सोमवार को कई इलाकों में तेज बारिश हुई है और यह सिलसिला आगे भी जारी रहने की संभावना जताई जा रही है। बीते 24 घंटों में भोपाल में 54.8 मिली मीटर, इंदौर में सात और जबलपुर में 28 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कहा गया है कि आगामी 24 घंटों में शहडोल, जबलपुर, होशंगाबाद, इंदौर व भोपाल में तेज बारिश हो सकती है। वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में तेज हवाओं के बीच बादल बरस सकते हैं। बीते 24 घंटों में राजधानी भोपाल का अधिकतम तापमान 30.5 व न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का अधिकतम 28.5 व न्यूनतम 20.5 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का अधिकतम 36.2 व न्यूनतम 27.5 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 32.3 व न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications