शिखर धवन ने उत्तराखंड बाढ़ पीडि़तो को समर्पित किया 'गोल्डेन बैट' अवार्ड
बर्मिंघम। टीम इंडिया के नये स्टार शिखर धवन ने अपना 'गोल्डेन बैट' अवार्ड उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदा के शिकार लोगों समर्पित किया। गौरतलब है कि उत्तराखंड में बादल फटने से आयी बाढ़ में लगभग 1000 लोग मारे गये और कुछ अब भी आपदाग्रस्त क्षेत्रों में फंसे हुए हैं।
टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने वाले शिखर ने कहा कि 'मैं अपना प्रदर्शन और अवार्ड आपदा के शिकार लोगों को समर्पित करता हूं। मेरी प्रार्थनाएं उनके साथ हैं। यह ध्यान देने योग्य है कि कल बर्मिंघम में भारत और इंग्लैंड के बीच आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला गया था। जिसमें टीम इंडिया ने इंग्लैंड को पांच रन से हराकर जीत दर्ज की।
शिखर ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार फार्म बरकरार रखते हुए, पांच मैचों में दो शतकों और एक अर्द्धशतक सहित 363 रन बनाये। उनके अलावा टीम इंडिया के ही खिलाड़ी रवींद्र जडेजा को 5 मैंचों में 12 विकेट लेने के कारण 'गोल्डेन बाल' का खिताब दिया गया। भारत की तरफ से ईशांत शर्मा ने भी पांच मैचों में दस विकेट लिये।













Click it and Unblock the Notifications