टूटे रिश्ते में भी नीतीश को नसीहत दे रहे हैं राजनाथ, कहा कांग्रेस से रहो सावधान
पटना। जेडीयू और बीजेपी के 17 सालों का साथ खत्म हो चुका है। दोनों के रास्ते अलग हो चुके है। एनडीए से संबंध खत्म करने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीजेपी पर बड़े-बड़े आरोप लगाए। बीजेपी नेताओं पर उन्हें और उनके राज्य को छलने तक का आरोप लगाया। अपने साथ भेदभाव का आरोप लगाया, लेकिन इन सब आ्ररोपों के बावजूद बीजेपी अध्यक्ष राजनाथ सिंह उन्हें सही और गलत की नसीहत दे रहे है।
पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार और उनकी पार्टी को कांग्रेस से सावधान रहने की सलाह दी है। बिहार में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए राजनाथ ने नीतीश का नाम लिए बगैर कहा कि कांग्रेस से बचकर रहिए। जेडीयू के विश्वासमत के दौरान कांग्रेस के विधायकों ने नीतीश का समर्थन किया था।

इसे राजनाथ ने नीतीश की गलती करार देते हुए कहा कि कांग्रेस के साथ हाथ मिलाकर आपने एक गलती की है। नीतीश को नसीहत देते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस के साथ दोस्ती करना खतरनाक है। अगर जेडीयू ने उनसे हाथ मिलाया है तो उन्हें इतिहास पर नजर डाल लेनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि इससे पहले जिन पार्टियों ने कांग्रेस के साथ हाथ मिलाया, उसने अपनी पहचान और समर्थन आधार खो दिया।
ऐसे में कांग्रेस के साथ जुड़ने से पहले नीतीश को दस बार सोचना चाहिए। राजनाथ सिंह ने गठबंधन के टूटने पर अफसोस जाहिर करते हुए कहा कि जेडीयू के साथ 17 साल दोस्ती तोड़ने के पक्ष में बीजेपी नहीं थी। राजनाथ सिंह ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि 17 साल पुराना ये गठबंधन अचानक कैसे टूट गया। मोदी के नाम पर उठे बवाल पर पार्टी प्रमुख ने कहा कि अचानक मोदी के नाम पर इतना बवाल क्यों? सवाल करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि जब 2002 से 2013 तक मोदी कोई मुद्दा नहीं थे तो अचानक ऐसा क्या हुआ कि मोदी के नाम पर बवाल उठ गया।












Click it and Unblock the Notifications