सपा मंत्री का माया पर 'सेक्सिस्ट' कमेंट, कहा कितनी बदसूरत हैं मायावती
लखनऊ। महिलाओं के सम्मान और गरिमा को लेकर उत्तर प्रदेश के राजनेता पूरी तरह लारवाह बने हुये है। यहां तक प्रदेश की पूर्व महिला मुख्यमंत्री के लिए भी राजनेता गलत शब्दों और भावों का सार्वजनिक प्रयोग करने मे पीछे नहीं है। प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री और सपा के प्रदेश महासचिव ओम प्रकाश सिंह ने भी सार्वजनिक भाषण के दौरान कुछ ऐसा ही कारनामा किया है। पर्यटन मंत्री ओम प्रकाश सिंह अपने निर्वाचन क्षेत्र गाजीपुर में एक रैली को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मायावती को बदसूरत कह दिया।
उनके इस बयान की सियासी हलको में निंदा की जा रही है। मंत्री ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि अगर आपको पांच साल तक मायावती जैसी बदसूरत महिला को झेलने में कोई परेशानी नहीं होती तो हमारी पार्टी (समाजवादी पार्टी) के नेताओं को आधे घंटे तक झेलने में भी तकलीफ नहीं होनी चाहिए। इस के बाद भी वे चुप नहीं रहे उन्होंने कहा इस देश को तैमूर और चंगेज ने इतना नहीं लूटा, जितना मायावती ने प्रदेश को लूटा।

इस पूरे मामले में लखनऊ की एक छात्रा तनया ठाकुर (आईपीएस अमिताभ ठाकुर की बेटी) ने मंत्री के उन शब्दों पर कड़ा प्रतिरोध किया है जिसमें उन्होंने मायावती के रूपरंग पर अभद्र बातें कहीं। उन्होंने मंत्री के शब्दों को अत्यंत अनुचित और 'सेक्सिस्ट' बताया है जो उनके पद की गरिमा के विपरीत है। उन्होंने कहा कि यदि मायावती की हैसियत वाली राजनेता के प्रति इस तरह की अशोभनीय टिप्पणियां की जा सकती हैं तो इससे समाज में आम महिलाओं की बुरी दशा का अंदाजा लगाया जा सकता है, जिसका वे एक भावी अधिवक्ता के रूप में पुरजोर विरोध करती हैं। कानून की छात्रा तनया ने ममता शर्मा से इस मामले की जांच कराकर तुरंत कार्रवाई का निवेदन किया है।












Click it and Unblock the Notifications