नक्सलवाद सिर्फ कानून की समस्या नहीं: पवार

शरद पवार ने नक्सली हमले पर कहा कि यह सिर्फ कानून व्यवस्था की समस्या नहीं है और नक्सलवाद तब तक जारी रहेगा जब तक आदिवासी और अन्य सभी तबके देश के विकास में खुद को हिस्सेदार नहीं महसूस करते। उन्होंने कहा कि हिंसा सही रास्ता नहीं है। उन्होंने दावा किया कि आदिवासी युवक असमानता और असंतोष की वजह से नक्सलवाद की ओर जा रहे हैं। सरकार को इस वजह की अनदेखी नहीं करनी चाहिए ।
राष्ट्रवादी युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सम्मेलन में पवार ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने जो किया, हम उसकी भर्त्सना करते हैं। पवार ने कहा कि युवाओं के समक्ष एक गलत विचारधारा पेश की जा रही है। उन्होंने कहा कि हाथों में हथियार लेने से देश का भला नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि नक्सलावद की वजह गरीबी है।
पवार के बयान का इसलिए महत्व है क्योंकि कांग्रेस नेता और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश ने इस सप्ताह की शुरूआत में कहा था कि माओवादी आतंकवादी हैं। पवार ने हर क्षेत्र में सड़कों, अस्पतालों एवं शिक्षा सहित आधारभूत सुविधाओं के विकास की वकालत की है। वहीं कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने नक्सलियों के मुद्दे पर कहा कि नक्सली आंतकी नहीं है, बल्कि वो अपने अपने रास्ते से भ्रमित हो गए है।












Click it and Unblock the Notifications