पाकिस्तान की मांग, अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हो सनाउल्लाह के मौत की जांच
नई दिल्ली। पाकिस्तान के उच्चायोग ने भारत सरकार से पाकिस्तानी कैदी सनाउल्लाह रंजे की मौत पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर की जांच शुरू किए जाने का अनुरोध किया है। जम्मू जेल में गत सप्ताह हमले में घायल हुए सन्नाउल्लाह की चंडीगढ़ अस्पताल में गुरुवार को मौत हो गई।सनाउल्लाह से मुलाकात करने वाले तीन पाकिस्तानी कूटनीतिज्ञों में शामिल रहे मंजूर अली मेमन ने एक टेलीविजन चैनल से कहा, हमने पाकिस्तानी कैदी पर हुए हमले के मामले की अंतर्राष्ट्रीय स्तर की जांच किए जाने का अनुरोध किया है।
हमने भारत सरकार से उसका शव जल्द उसके परिवार को सौंपे जाने की मांग की है ताकि उसका अंतिम संस्कार इस्लामिक रीति-रिवाज से किया जा सके। जम्मू की कोट बलवाल जेल में साथी कैदी के हमले में तीन मई को घायल हुए सनाउल्लाह को पीजीआईएमईआर अस्पताल में भर्ती कराया गया था और गुरुवार सुबह सात बजे के आसपास उसकी मौत हो गई।

उसे उपचार के लिए शुक्रवार को जम्मू से चंडीगढ़ लाया गया था और तब से वह गहरे कोमा में था। सनाउल्लाह के गुर्दो ने बुधवार से काम करना बंद कर दिया था। मेमन ने कहा कि पाकिस्तान इस घटना से दुखी और हैरान है। मेमने ने दिल्ली स्थित एक चैनल से कहा, जेल में कैदियों की सुरक्षा और बचाव के इंतजाम की जरूरत है।
सनाउल्लाह पर यह हमला पाकिस्तान के लाहौर स्थित कोट लखपत जेल में जानलेवा हमले में घायल हुए भारतीय कैदी सरबजीत सिंह की मौत के अगले दिन हुआ था। सनाउल्लाह को हिंदुओं के धार्मिक स्थल माता वैष्णो देवी के नजदीक कटरा में 1994 में हुए विस्फोट मामले में 1996 में गिरफ्तार किया गया था इस हमले में 10 लोगों की मौत हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications