राजकीय सम्मान के साथ होगा सरबजीत का अंतिम संस्कार
नई दिल्ली/लाहौर। पाकिस्तान के जिन्ना अस्पताल में सरबजीत की मौत के बाद उनका पार्थिव शरीर भारत लाये जाने की तैयारी की जा रही है। इधर भारत सरकार ने फैसला किया है कि सरबजीत का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जायेगा। सरबजीत के पार्थिव शरीर को लेने के लिये भारत ने एक विशेष विमान भेजा है।
लाहौर में गुरुवार की दोपहर सरबजीत के शव का पोस्टमॉर्टम किया गया, उसी के थोड़ी ही देर बाद पाकिस्तान सरकार ने ने सरबजीत की मौत के न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के कार्यवाहक मुख्यमंत्री नजम सेठी ने जांच के आदेश दिए हैं। पाकिस्तान ने कहा है कि सरबजीत सिंह का शव भारतीय उच्चायोग को अति शीघ्र सौंपा जाएगा। डॉक्टर के मुताबिक सरबजीत ने भारतीय समयानुसार बुधवार रात 1.15 बजे आखिरी सांस लीं। सरबजीत के वकील अवैश शेख ने बताया कि अस्पताल प्रशासन द्वारा उनके मौत की पुष्टि की गई है।

शेख ने कहा, "यह बेहद दुखद है। हमें इस बात का दुख है कि हम उन्हें नहीं बचा सके। उनकी हालत बिगड़ने के बाद से मैंने बुधवार को उनके परिवार को भारत जाने से रोकने की कोशिश की थी, लेकिन वे वापस चले गए।"
पाकिस्तान विदेश मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर जारी वक्तव्य में कहा, "अस्पताल में कोमा की अवस्था में वेंटिलेटर पर रह रहे सरबजीत को बेहतरीन इलाज मुहैया कराया जा रहा था और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद से बचाने में चिकित्सकों का दल मुस्तैदी से लगा हुआ था। हालांकि, उनकी तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।"
विदेश मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तानी सरकार इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद से सरबजीत के परिवार और भारतीय अधिकारियों का सहयोग कर रही है। सभी औपचारिकता शीघ्र पूरी कर भारतीय उच्चायोग को उनका शव अतिशीघ्र सौंपा जाएगा।"












Click it and Unblock the Notifications