चुनावी लाभ लेने के लिए हुआ सरबजीत का कत्ल: सरबजीत की बहन
नई दिल्ली। पाकिस्तान में भारतीय नागरिक सरबजीत सिंह की मौत से आहत उनकी बहन दलबीर कौर ने कहा है कि पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने चुनाव में फायदा लेने के लिए सरबजीत सिंह का कत्ल करवा दिया है। साथ ही उन्होने सरकार और जनता से अपील की है कि भारत को पाकिस्तान से खिलाफ एकजुट हो जाना चाहिए क्योंकि इसके पहले भी पाक ने भारत के सैनिकों और नागरिकों के साथ अमानवीय बर्ताव किया है।
दलबीर कौर ने सरबजीत की मौत के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि अगर सरकार सही समय पर निर्णय लेती तो आज मेरा भाई जिंदा होता। उन्होने कहा कि मेरा भाई शहीद हो गया। पाकिस्तान के आतंकी संगठनों को ललकारते हुए उन्होने कहा कि मैं पाकिस्तान गई थी तब आतंकियों ने मुझ पर हमला क्यों नहीं किया, अगर उनमें हिम्मत है तो मुझ पर हमला करें। मेरा भाई वहां की जेलों में 23 साल तक जलालत झेलता रहा और फिर उसे मार दिया गया।

दलबीर सिंह ने कहा कि उसका शव आयेगा तो मैं देखूंगी कि उसे किस किस तरह से चोट पहुंचायी गयी। उन्होने मांग की है कि सरबजीत को शहीद का दर्जा दिया जाय। साथ ही उन्होने यह भी चेतावनी दी है कि वह आगे भी पाक जेलों में बंद भारतीयों के लिए लड़ती रहेंगी। जिससे कि जो सरबजीत के साथ हुआ वो किसी और के साथ न हो। दलजीत कौर ने पाकिस्तान के मानवाधिकार कार्यकर्ता अंसार बर्नी पर आरोप लगाया कि उसने हमसे 25 करोड़ रूपये की रिश्वत मांगी थी और कहा था कि पैसे दो और सरबजीत ले लो। अफसोस जताते हुए उन्होने कहा कि अगर मेरे पास पैसे होते तो मेरा भाई आज जिंदा होता, लेकिन मैं एक गरीब परिवार की लड़की हूं, इसलिए सरबजीत के हिस्से में मौत आयी।
दलजीत कौर ने कहा कि अब भारत सरकार पाक पर दबाव बनाये और उससे सरबजीत की मौत का हिसाब मांगे।












Click it and Unblock the Notifications