पेट्रोल के साथ LPG भी हुई सस्ती, अब तो मुस्कुराइये
नई दिल्ली। बीती मध्य रात्रि से पेट्रोल के घटे दामों के साथ नई कीमतें लागू हो गईं। तभी खबर आयी कि रसोई गैस के भी दाम इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने घटा दिये हैं। बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर की कीमत में 54 रुपए कम किये गये हैं, जबकि सब्सिडी वाले सिलेंडर में 3 रुपए।
इक्नॉमिक टाइम्स में प्रकाशित खबर के अनुसार गैस सिलेंडर की नई कीमतें आज से ही लागू हो गई हैं। उम्मीद है कि आम आदमी के चेहरे पर थोड़ी मुस्कुराहट जरूर आयी होगी।

असल में अंतर्राष्ट्रीय बाजार में डॉलर कमजोर पड़ने से कच्चे तेल की कीमत में गिरावट आयी। लिहाजा तेल कंपनियों ने यह तय किया कि इसका लाभ आम आदमी तक जरूर पहुंचना चाहिये। मंगलवार को हुई बैठक में तेल कंपनियों ने नई दरें लागू कर दीं, जो आम आदमी को कुछ राहत देने वाली हैं।
पिछले डेढ़ महीने में पेट्रोल की कीमतों में चौथी बार कटौती की गई है। इससे दिल्ली में पेट्रोल मंगलवार आधी रात से 63.09 रुपये प्रति लीटर हो गया। इससे पहले दाम 66.09 रुपये प्रति लीटर था। हालांकि अन्य शहरों में पेट्रोल की कीमतें वैट पर निर्भर करेंगी। मुंबई में पेट्रोल अब 69.73 रुपये, कोलकाता में 70.35 रुपये और चेन्नई में 65.90 रुपये प्रति लीटर में बिकेगा।












Click it and Unblock the Notifications