पीएम उम्मीदवारी पर बीजेपी से आर-पार के मूड में नीतीश, कहा जल्द बताए नाम

खबर तो ये भी मिल रही है कि इसी हफ्ते के अंत कर नीतीश कुमार बीजेपी से दो टूक बातचीत कर बिना देर किए उम्मीदवार के नाम की घोषणा करने का दबाव डाल सकते है। गौरतलब है कि इस हफ्ते के अंत में जेडीयू की बैठक होनी है। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद पार्टी बीजेपी पर पीएम उम्मीदवार की घोषणा का दबाव डाल सकती है। जेडीयू बीजेपी से कह सकती है कि 2014 के लिए पीएम पद के उम्मीदवार के नाम का और इंतजार नहीं किया जा सकता है।
इससे पहले भी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कह चुके है कि दिल्ली में होने वाली पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में यह तय किया जाएगा कि जेडीयू अब एनडीए के साथ रहेगी या नहीं। इसी के साथ कुमार ने कहा कि बैठक में पार्टी इस बात पर भी निर्णय लेगी कि एनडीए को चुनावपूर्व प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करना चाहिए या नहीं। दऱअसल इन दिनों बीजेपी में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी का कद काफी तेजी से बढ़ता जा रहा है। पार्टी ने उन्हें केंद्रीय चुनाव समिति में भी शामिल किया है। मोदी आए दिन दिल्ली की दौड़ लगा रहे है, लेकिन खास बात यह है कि इन तमाम गतिविधियों के बावजूद बीजेपी ने अभी तक नरेंद्र मोदी के नाम पर पीएम पद के उम्मीदवार का स्टंप नहीं लगाया है। मोदी की केन्द्र की राजनीति में बढ़ रहे कद से नीतीश नाराज है। वैसे भी नीतीश और मोदी का टकराव जगजाहिर है।
नीतीश पहले भी साफ-साफ कह चुके हैं कि वह किसी सेकुलर छवि वाले नेता को ही प्रधानमंत्री के उम्मीदवार के तौर पर स्वीकार करेंगे। ऐसे में नीतीश का ये अल्टीमेटम बीजेपी के लिए परेशानी का सबब बन सकता है। लेकिन बीजेपी के सुशील मोदी की माने तो जेडीयू को भरोसे में लेकर ही बीजेपी प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार का नाम तय करेगी।












Click it and Unblock the Notifications