फेसबुक पर महात्मा गांधी के खिलाफ अश्लील कमेंट
लखनऊ। कभी कांग्रेसी नेता तो कभी अन्य लोग फेसबुक पर अश्लील कमेंट का शिकार होते हैं। लेकिन इस बार अराजक तत्वों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को भी नहीं छोड़ा। फेसबुक पर रियालिटी ऑफ कांग्रेस नामक पेज पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के ऊपर की गयी अश्लील एवं अपमानजनक टिप्पणियों के विरोध में सेवा कल्चर वैल्यूज फाउंडेशन तथा मां सेवा संस्थान के पदाधिकारी उपवास पर बैठ गए। उन्होंने धरना देकर अपना विरोध भी दर्ज कराया।
हजरतगंज स्थित गांधी स्मारक पार्क आयोजित ‘सबको सन्मति दे भगवान'नामक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रदेश भर से आये सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सेव कल्चर वैल्यूज़ फाउण्डेशन के सचिव आशीष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि राष्ट्रपिता का अपमान सभी राष्ट्रवासियों का अपमान है। यह हमारे देश की संस्कृति रही है कि भाषा की शुचिता, मां सरस्वती की वंदना मानी जाती है। हम सब गांधी जी के इस अपमान से क्षुब्ध हैं।
मां सेवा संस्थान के सचिव डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि हम लोग ऐसे आपराधिक तत्वों पर प्राथमिकी दर्ज करा कर मुकदमा चलायेंगे, जिसके लिए विधिक सलाह ली जा रही है। 85 पैसा ढूंढो आन्दोलन के समन्वयक देवी प्रसाद गुप्ता ने कहा कि फेसबुक भारत से सालाना अरबों रूपये का मुनाफा कमा रही है। इसलिये यह उसकी नैतिक और विधिक जिम्मेदारी है कि अपने डिजिटल मंच से इस तरह के कुप्रचार को रोके। समष्टि फाउन्डेशन के अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय भावनाओं, प्रतीकों और महापुरुषों का सम्मान करना हमारा राष्ट्रीय दायित्व और मूल कर्तव्य है। इसका पालन न करने वालों के मूल अधिकारों में कटौती की जानी चाहिए।













Click it and Unblock the Notifications