आडवाणी को पीएम बनाने के बयान पर पलटे विजय गोयल
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर लाल कृष्ण आडवाणी को प्रधानमंत्री पद का दावेदार बताने वाले दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल ने अब कहा है कि 'मैं पीएम पद के उम्मीदवार का नाम घोषित करने वाला कौन होता हूं। इसका फैसला पार्टी की संसदीय बोर्ड की बैठक में होगा।
गौरतलब है कि अशोक रोड पर स्थित पार्टी मुख्यालय की बैठक में विजय गोयल ने बयान दिया था कि हम 2014 में आडवाणी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाने में कामयाब रहेंगे। इस समय मंच पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह भी उपस्थित थे। हालांकि राजनाथ सिंह और आडवाणी दोनों ने ही इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

विजय गोयल ने बाद में अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा है कि हमारी पार्टी में कई सक्षम नेता हैं। ऐसे में पीएम पद के लिए योग्य उम्मीदवार का नाम जल्द ही तय किया जायेगा। बीजेपी के 33वें स्थापना दिवस के मौके पर वयोवृद्ध नेता आडवाणी ने कहा कि भले ही पार्टी की स्थापना 1980 में हुई हो पर पार्टी की राजनीतिक यात्रा जनसंघ के जरिए 1951 में ही प्रारम्भ हो गयी थी। हालांकि उन्होने पीएम पद की अपनी दावेदारी पर कुछ भी नहीं कहा है।
जल्द ही अहमदाबाद में भी भाजपा के स्थापना दिवस के मौके पर एक कार्यक्रम होना है। जहां पर नरेंद्र मोदी और राजनाथ सिंह मौजूद होंगे। यह ध्यान देने योग्य है कि भाजपा में अभी भी पीएम पद की दावेदारी को लेकर आंतरिक सहमति नहीं हैं। जहां गुजरात में जीत की हैट्रिक लगाने वाले मोदी को पीएम पद का दावेदार बताया जा रहा है वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने अभी कुछ भी खुलकर नहीं कहा है।












Click it and Unblock the Notifications