यूपी, बिहार, दिल्ली में बादल छाये, बारिश के आसार
नई दिल्ली/लखनऊ/पटना। होली के गुलाल के बादल अभी पूरी तरह छंट नहीं पाये हैं कि अब बारिश से भरे बादलों ने यूपी, बिहार और दिल्ली के कई इलाकों को घेर लिया है। कल चिलचिलाती धूप के बाद राजधानी व आस-पास के इलाकों में बादल छा जाने की वजह से तापमान गिर गया है।
यहां मौसम सुहावना हो चुका है। दिल्ली में सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में हल्की बारिश होने की सम्भावना जताई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। राजधानी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की सम्भावना है।"
यूपी बिहार का हाल, चलेंगी तेज हवाएं

जैसा कि आपको पता होगा कि बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज होली मनायी जा रही है। ऐसे में घने बादल होली के रंग में भंग डाल सकते हैं। होली के एक दिन बाद उप्र के मौसम में बदलाव होता नजर आ रहा है। लखनऊ और आसपास के इलाकों में आंशिक तौर पर बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे तक बादल छाए रहने के अनुमान हैं।
मौसम विभाग का अनुमान है कि यूपी में 12 से 18 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम को और ठंडा बना रहेगा। हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। लखनऊ का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने की उम्मीद है। राजधानी के अलावा वाराणसी का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद का 14.5 डिग्री सेल्सियस तथा कानपुर का 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, भागलपुर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पटना और गया में गुरुवार को सुबह का तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना का बुधवार को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि उसी दिन भागलपुर का अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री और गया का 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अनुमान है कि अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications