शीला सरकार के खिलाफ केजरीवाल का आंदोलन जारी
नयी दिल्ली। आम आदमी पार्टी के चीफ अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की शीला सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बढ़े हुए बिजली और पानी के बिल के विरोध में केजरीवाल अनशन कर रहे है। दिल्ली के सुंदरनगरी में कल से शुरु हुआ ये अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल आज दूसरे दिन भी जारी है।
केजरीवाल ने दिल्लीवालों से बिजली व पानी के बढ़े हुए बिल नहीं भरने का अनुरोध किया है। पार्टी द्वारा जारी एक बयान में दावा किया गया है कि दिल्ली के 36,743 लोगों ने पार्टी के सविनय अवज्ञा आंदोलन के समर्थन में हस्ताक्षर किए हैं और बिजली-पानी के बिल न चुकाने का वादा किया है।

शनिवार से भूख हड़ताल पर बैठे केजरीवाल ने कहा था, लोगों के दिल से डर हटाने और उन्हें एकजुट करने के लिए मैं भूख हड़ताल पर बैठ रहा हूं। इस बार हम सरकार से कोई मांग नहीं कर रहे हैं। हमारी मांग सीधे दिल्ली के लोगों से है।
आम आदमी पार्टी इसी साल होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनावों को लेकर अपने अस्तिव की तलाश कर रही है। लोगों के सामने अपनी पार्टी की छवि बनाने में जुटे केजरीवाल ने इस आंदोलन के लिए समाजसेवी और उनके पूर्व सहयोगी अन्ना हजारे से भी मदद मांगी थी, लेकिन अन्ना ने राजनीतिक पार्टी का हवाला देते हुए केजरीवाल की मदद करने और आंदोलन में शामिल होने से मना कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications