15 साल से कांग्रेस को संभाल रही हैं सोनिया
नई दिल्ली। सन 2004 में कांग्रेस को सत्ता में वापस लाने वाली सोनिया गांधी ने आज बतौर कांग्रेस अध्यक्ष अपने 15 साल पूरे कर लिये हैं। राजीव गांधी के असामयिक निधन के बाद कांग्रेस का नेतृत्व करने वाली सोनिया ने न सिर्फ पार्टी को संभाला बल्कि उसे फिर से लगातार दो बार सत्ता में लाने में सफल रही। विश्व की सर्वाधिक शक्तिशाली महिलाओं में से एक सोनिया ने 14 मार्च 1998 को कांग्रेस अध्यक्ष की कमान सीताराम केसरी से ली थी।
सोनिया के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के साथ ही पार्टी में सुधार प्रारम्भ हो गये और कांग्रेस एक बड़ी पार्टी और गठबंधन के बड़े घटक के रूप में 2004 में सत्ता में आयी। जब ऐसी उम्मीद की जा रही थी कि वह भारत की प्रधानमंत्री बनेंगी तभी उन्होने यह पद लेने से मना कर दिया और एक मिसाल पेश की। एक विदेशी महिला होने के कारण उनके प्रधानमंत्री बनने का विरोध किया जा रहा था। इसके बाद 2009 में भी कांग्रेस को सत्ता में आने में कामयाब रही।

वह इस समय भारतीय राजनीति की एक महत्वपूर्ण शख्सियत हैं। इटली की होने के कारण उन्हें भारतीय जनमानस की भाषा हिंदी का ज्ञान नहीं था लेकिन उन्होने हिंदी सीखकर जनता को इसी भाषा में संबोधित भी किया। अब कांग्रेस 2014 के लोकसभा के लिए तैयारियां कर रही है। ऐसा माना जा रहा है कि इस बार भी उनके नेतृत्व की परीक्षा होगी क्योंकि यूपीए को अपने दूसरे शासनकाल में कई घोटालों का सामना करना पड़ा है पर बतौर राजनीतिक व्यक्ति सोनिया की छवि साफ सुथरी और बेदाग है।
कुछ राजनीतिक विश्लेषक कांग्रेस के फिर से सत्ता में आने की उम्मीद लगाये हुए हैं क्योंकि मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा आन्तरिक कलहों का सामना कर रही है जिसका लाभ सबसे पुरानी पार्टी होने के कारण कांग्रेस को मिलना तय माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications