मोदी की लोकप्रियता पर शक नहीं, पर पीएम प्रत्याशी तय नहीं: राजनाथ
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। भारतीय जनता पार्टी को इस समय अपनी ही पार्टी में चल रहे अर्न्तकलह के चलते काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोकसभा चुनाव नजदीक है लेकिन अभी भी पार्टी किसी योग्य उम्मीदवार का चुनाव नहीं कर पा रही है। पार्टी निर्णय नहीं कर पा रही है कि मिशन 2014 की कमान किसके हाथों में सौंपी जाये। पार्टी में अटकलों का दौर जारी है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता से इंकार नहीं किया जा सकता।

लेकिन पार्टी को अभी निर्णय करना है कि क्या गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद के अगले प्रत्याशी होंगे। सिंह ने पत्रकारों द्वारा मोदी के इस लोकसभा चुनाव में भाजपा का चेहरा होने के सवाल पर कहा, इसका निर्णय पार्टी की केंद्रीय संसदीय समिति करेगी। लेकिन कोई मोदी की लोकप्रियता से इंकार नहीं कर सकता। सिंह ने आडवाणी के भाजपा की कोर समिति के निर्णायक सदस्य के रूप में भूमिका खत्म होने की अफवाहों का खंडन किया।
राजनाथ सिह ने कहा कि यह पूरी तरह निराधार बात है कि वह (आडवाणी) पार्टी की निर्णायक टीम का हिस्सा नहीं है। वह न सिर्फ हमारे वरिष्ठतम नेता हैं बल्कि पार्टी के पथ प्रदर्शक भी हैं। वह भाजपा के मार्गदर्शक बने रहेंगे। राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि भाजपा को दिया गया उनका योगदान कोई भुला नहीं सकता। (आईएएनएस)












Click it and Unblock the Notifications