कोलकाता फायर में अबतक 19 मौतें, ममता ने किया घटनास्थल का दौरा
कोलकाता। कोलकाता के सियालदह इलाके में आज सुबह एक गोदाम और उसके कार्यालय में आग लगने से मरने वालों की संख्या 19 हो गई है। इस हादसे में 17 लोग घासल हैं जिनमें 6 की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद से पूरे पश्चिम बंगाल में शोक का माहौल है और इसी दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घटनास्थल का दौरा किया है। ममता बनर्जी ने खुद इलाज का जायजा लिया और घायलों के परिजनों को बेहतर इलाज मुहैय्या करने का आश्वासन दिया। संयुक्त पुलिस आयुक्त जावेद शमीम ने बताया कि मृतकों में एक महिला भी शामिल है। हालांकि, अभी तक 15 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आग मध्य कोलकाता के एक बाजार में बुधवार तड़के लगी। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 25 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। इस इमारत में कई लोगों के फंसे होने की आशंका के बीच दमकल कर्मचारी बचाव कार्य में लगे हुए हैं। इमारत में साबुन और पेपर के गोदाम हैं। राज्य के अग्निशमन सेवा मंत्री जावेद खान ने बताया कि यह इमारत गैरकानूनी तरीके से बनाई गई है और इसमें प्रवेश और निकास के कई दरवाजे बंद हैं, परिणामस्वरुप कई लोग फंस गए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक कई लोगों के फंसे होने की वजह से हताहतों की संख्या बढ़ सकती है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सूर्यकांत मिश्रा ने घटना की जांच की मांग की है। घटनास्थल का दौरान करने के बाद उन्होंने कहा, "यह आरोप-प्रत्यारोप का समय नहीं है। मामले पर शीघ्र और निष्पक्ष जांच कराए जाने की जरुरत है और प्रशासन द्वारा यह जानने की भी जरुरत है कि यहां ऐसी कितनी इमारत हैं जो आग के मामले में अतिसंवेदनशील हैं और इस पर तत्काल कार्रवाई की जाए।"












Click it and Unblock the Notifications