क्या इस बार यूपी को खुश करेगा रेल बजट?
नई दिल्ली (वनइंडिया ब्यूरो)। कहते हैं अगर दिल्ली फतह करना हो तो यूपी के रास्ते से जाना ही पड़ता है। सीधे शब्दों में यह कि लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सीटों का हमेशा से महत्व रहा है और इस महत्व को यूपीए सरकार ने पिछले साल तो नहीं समझा, लकिन क्या इस साल समझेगी। जी हां रेल बजट 2013 में उत्तर प्रदेश को कई सौगातें मिलने की संभावना तो हैं, लेकिन मिलेंगी या नहीं, यह रेलमंत्री पवन बंसल के बजट में कल पता चल ही जायेगा।
अगर उत्तर प्रदेश में रेल सुविधाओं में खामियों पर चर्चा करें, तो लखनऊ ऐशबाग से नैनीताल, टनकपुर तक मार्ग पर अभी भी छोटी लाइन की ट्रेनें हैं, जिस वजह से इस मार्ग पर यात्रियों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ता है। खास बात यह है कि अधिकांश स्थानों पर यहां सिंगल लाइन है। उत्तर रेलवे के अंतर्गत आने वाली ट्रेनों में सुविधाओं का जबर्दस्त अभाव है। डिब्बों में कॉकरोच से लेकर चूहे तक मौज से सफर करते हैं और पैसा देकर टिकट खरीदने वाले यात्रियों को भारी परेशानियां उठानी पड़ती हैं।
यूपी में सबसे व्यस्ततम लाइन झांसी से कानपुर तक है, जो आज भी सिंगल लाइन पर चल रही है। गोरखपुर, लखनऊ या कानपुर से दक्षिण भारत या महाराष्ट्र के किसी भी शहर को जाने के वाली लगभग सभी ट्रेनें झांसी होकर जाती हैं। अफोस यह कि लखनऊ-झांसी मार्ग पर सिंगल लाइन होने की वजह से हर रोज ट्रेनें लेट होती हैं।
लखनऊ, झांसी, आगरा, इलाहाबाद, वाराणसी और गाजियाबाद को छोड़कर बाकी के लगभग सभी रेलवे स्टेशनों के प्लेटफॉर्म खस्ताहाल हैं। पटरी से लेकर प्लेटफॉर्म तक हर जगह गंदगी चरम पर रहती है। अधिकांश रेलवे स्टेशनों पर मात्र एक-एक सेनिटरी इंस्पेक्टर तैनात हैं, जिसकी ड्यूटी 8 घंटे की होती है। यानी बाकी के 16 घंटे प्लेटफॉर्म की साफ-सफाई के लिये कोई जिम्मेदार व्यक्ति नहीं होता इस दौरान चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी अपनी मनमानी करते रहते हैं।
क्या कहते हैं राजनीतिक विशेषज्ञ?
राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि रेलबजट में उत्तर प्रदेश की जनता को यूपीए इस बार नाराज कर ही नहीं सकती। ऐसा इसलिये क्योंकि यूपी में समाजवादी पार्टी की सरकार है और सपा के राज्य को अगर सौगातें नहीं मिलीं तो मुलायम सिंह यादव समर्थन वापस लेने में जरा भी देर नहीं करेंगे। लिहाजा अखिलेश के राज का खास खयाल रखना ही होगा। एक वाक्य में कहें तो यूपी को कई सौगातें मिल सकती हैं।













Click it and Unblock the Notifications