अपनी टीम को फाइनल टच दे रहे हैं राहुल गांधी
नई दिल्ली। बजट सत्र के पहले दिन जहां राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने यूपीए की जमकर सराहना कर अपना काम पूरा कर दिया। उन्होंने यूपीए के तुरुप के पत्तों को रणभूमि में बिछा दिया। अब बारी है चाल को आगे बढ़ाने की, तो उसके लिये राहुल गांधी ने कमर कस ली है। जी हां कांग्रेस उपाध्यक्ष ने गुरुवार को संकेत दिया कि वर्ष 2014 के आम चुनाव के लिए पार्टी की टीम को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
संसद के बजट सत्र के पहले दिन दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को राष्ट्रपति द्वारा संबोधित किए जाने के बाद राहुल ने संवाददाताओं से कहा, "पार्टी में प्रतिभाओं की भरमार है..यह देखकर मैं बहुत उत्साहित हूं..सिर्फ उन्हें व्यवस्थित करने की जरूरत है।" राहुल संसद के केंद्रीय कक्ष में आखिरी दूसरी पंक्ति में बैठे थे। रक्षा राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह और गृह राज्यमंत्री आर.पी.एन. सिंह भी उनकी बगल में बैठे थे। राष्ट्रपति के अभिभाषण के दौरान राहुल अपने मोबाइल फोन का कई बार उपयोग करते देखे गए।
पिछले महीने कांग्रेस उपाध्यक्ष बने राहुल यह जानने के लिए कि पार्टी कहां-कहां मजबूत और कहां-कहां कमजोर है, इधर कुछ हफ्तों में पार्टी पदाधिकारियों, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, प्रदेश इकाइयों के प्रमुखों और विधायक दल के नेताओं से लगातार मिलते रहे हैं। राहुल गांधी के त्वरित दौरे सीधा संकेत दे रहे हैं कि जल्द ही वो अपनी टीम की घोषणा कर देंगे। राहुल वर्ष 2014 के आम चुनाव के लिए गठित समन्वय समिति के प्रमुख भी हैं। संभावना है कि वह युवा नेताओं को पार्टी में महत्वपूर्ण भूमिका दे सकते हैं।
हम आपको बता दें जिस टीम की सोनिया गांधी ने घोषणा की थी, वो चुनाव के कार्यों को वृहद स्तर पर काम करने के लिये बनायी गई है, उसी टीम में राहुल गांधी अन्य युवा नेताओं को भी शामिल करना चाहते हैं, जो जमीनी स्तर पर काम करेंगे।













Click it and Unblock the Notifications