नीतीश बोले- सत्ता के लिये गिड़गिड़ा रहे हैं लालू
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि वो रण छोड़ कर भागेंगे नहीं। लोगों की सेवा करने आये हैं, तो वो करेंगे। पीठ दिखाकर भागेंगे नहीं। सदन में सरकार का पक्ष रखते हुए नीतीश ने लालू यादव की टांग भी खींची। नीतीश ने कहा कि वो लोगों के सामने सत्ता के लिये गिड़गिड़ा रहे हैं।
सदन में जबर्दस्त हंगामे के दौरान जब लालू की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायकों ने जमकर छींटाकशी की, तो जवाब में नीतीश ने कहा कि वे राज करने के लिए सत्ता में नहीं आए हैं बल्कि सेवा करने के लिए आए हैं। उन्होनें लालू की टांग खींचते हुए कहा कि आज लालू प्रसाद की परिवर्तन यात्रा चल रही है। उसमें वे घूम-घूमकर कह रहे हैं कि मुझसे गलती हो गई, एक बार और सत्ता दे दीजिए। यही उनकी परिवर्तन यात्रा है, जिसमें वो लोगों से सत्ता की भीख मांग रहे हैं।

नीतीश ने कहा जनता ने चुना है और बिहार के साढ़े दस करोड़ की जनता की खुशी में ही उनकी खुशी है। उन्होंने प्रेस काउंसिल द्वारा कराई गई जांच की रिपोर्ट पर निशाना साधते हुए रिपोर्ट को पक्षपातपूर्ण और प्रायोजित बताया। उन्होंने कहा कि पीसीआई अध्यक्ष मार्कंडेय काटजू किससे जुड़े हुए हैं, किसके लिए काम करते हैं यह पूरी दुनिया जानती है।
उन्होंने कहा कि वे बंदरघुड़की से डरने वाले नहीं हैं। ये लोग दिलजले हैं, दिल जलाते रहें। मुख्यमंत्री ने कहा काटजू को अपने पद की गरिमा का ख्याल रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके पहले भी पीसीआई के अध्यक्ष पद पर लोग रहते आए हैं। उन्होंने इस रिपोर्ट को ही एकतरफा करार दिया। उन्होंने बिहार में अपराध की कमी का आंकड़ा का ब्योरा भी दिया। जरूर पढ़ें बिहार की अन्य खबरें।












Click it and Unblock the Notifications