पाक की नापाक हरकत, एलओसी पर फिर गोलीबारी

सेना के एक प्रवक्ता ने कहा, "भारत की ओर से किसी भी प्रकार का उकसावा न होने के बावजूद गुरुवार रात पाकिस्तानी सेना ने पुंछ के कृष्णा घाटी सेक्टर स्थित नियंत्रण रेखा पर युद्ध विराम का उल्लंघन किया।" पाकिस्तान द्वारा यह गोलीबारी भारतीय सेना द्वारा राजौरी जिले के झांगर सेक्टर में एक घुसपैठिए को मार गिराने के कुछ घंटे बाद की गई। उन्होंने कहा, "पाकिस्तानी सेना ने अकारण ही छोटे हथियारों और स्वचालित हल्के और भारी हथियारों से गोलीबारी की। यह गोलीबारी एक घंटे से ज्यादा देर तक चली।"
सेना अधिकारी के मुताबिक भारतीय सेना ने पाकिस्तान की गोलीबारी का जवाब दिया जो प्रभावकारी रहा। भारतीय सेना का कोई भी जवान हताहत नहीं हुआ है। दोनों देशों के बीच स्थिति उस वक्त तनावपूर्ण हो गई थी जब 6 जनवरी को पाकिस्तानी सेना का एक जवान भारतीय सैनिकों द्वारा मारा गया था। दो दिन बाद पाकिस्तानी सेना ने भारत और पाकिस्तान को अलग करने वाली जम्मू-कश्मीर स्थित नियंत्रण रेखा पर दो भारतीय जवानों की नृशंस हत्या कर दी थी।












Click it and Unblock the Notifications