हम यासीन मलिक मामले की जांच करेंगे :गृहमंत्री
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के अलगाव वादी नेता यासीन मलिक की हाफिज सईद के साथ फोटों आ जाने से, मलिक के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की जा रही है। गौरतलब है कि यासीन मलिक, अफजल को फांसी दिये जाने के विरोध में इस्लामाबाद में भूख हड़ताल पर बैठे थे। इस दौरान उनके साथ मंच पर मुंबई हमलों का आरोपी हाफिज सईद भी मौजूद था। इस मामले के प्रकाश में आ जाने के बाद भाजपा ने सरकार की कार्यवाही पर सवाल उठाये हैं। साथ ही यासीन का पासपोर्ट रद्द करने की भी मांग की जा रही है।
इस सम्बंध में गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा है कि मैं इस मामले पर गौर करूंगा। वहीं सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी का कहना है कि यह मामला बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस प्रवक्ता संदीप दीक्षित ने भी इस मामले को केंद्र सरकार द्वारा गौर करने के लिए कहा है।

इस मामले पर भाजपा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि सरकार भले ही अफजल गुरू को फांसी देकर अपनी पीठ थपथपा रही हो लेकिन यह सरकार की आतंकवाद के खिलाफ लापरवाही पूर्ण रवैया ही है कि भारत में रहने वाला एक शख्स देश के दुश्मन के साथ मंच साझा कर रहा है। यासीन मलिक जेकेएलएफ (जम्मू कश्मीर लिबरेशन फ्रंट) के नेता हैं और भारत लौटने पर उनसे आतंकवादी हाफिज सईद से करीबी की वजह पूछी जाएगी।
यह पहला मौका नहीं है जब कश्मीरी नेता की हाफिज सईद के साथ करीबी सामने आयी है। इसके पहले पिछले वर्ष दिसम्बर में मीरवाइज उमर फारूख के नेतृत्व में हुर्रियत कांफ्रेंस की टीम अपनी पाक यात्रा के दौरान भारत के सबसे वांछित आतंकवादी हाफिज सईद से मिली थी।












Click it and Unblock the Notifications