रॉक बैंड की लड़कियों को फेसबुक पर धमकाने वाले 3 गिरफ्तार
श्रीनगर। कश्मीर में लड़कियों का पहला रॉक बैंड 'प्रगाश' को सोशल नेटवर्किंग साइट पर धमकी देने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी गुरुवार को पुलिस के एक आला अधिकारी ने दी। जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने और गिरफ्तारियों की सम्भावना जताई है। पुलिस के मुताबिक ये गिरफ्तारियां बुधवार को एक उप निरीक्षक की अगुवाई में विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा इन तीनों की धमकियों की जांच किए जाने के बाद हुई। पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति को गांदरबल जिले के बाबा वायिल गांव से और दूसरे को श्रीनगर एवं तीसरे को दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले से गिरफ्तार किया गया है।
वहीं जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्विटर पर लिखा है कि मैं कश्मीर में पुलिस द्वारा ऑनलाइन धमकी देने वाले दो लोगों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तार की खबर से खुश हूं। मुझे बताया गया है कि और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

मालूम हो कि 'प्रगाश' कश्मीरी लड़कियों का पहला संगीत बैंड है जिसे नोमा नजीर (15), अनीका खालिद (16) और फराह दीबा (15) ने मिलकर पिछले साल बनाया था। दिसम्बर 2012 में इस बैंड ने श्रीनगर में आयोजित 'बैटल ऑफ बैंड्स' मुकाबले में हिस्सा लिया था, जहां इसे तीसरा स्थान प्राप्त हुआ था।
गौरतलब हो कि कश्मीर के सर्वोच्च मुफ्ती बशरुद्दीन द्वारा उन पर फतवा जारी करने और सोशल नेटवर्किंग साइट पर धमकी दिए जाने के बाद इस बैंड की सदस्यों ने आगे नहीं गाने का फैसला किया है। बैंड की सदस्य अनीका के मुताबिक उन्हें भय नहीं बल्कि अपने जुनून को बरकरार न रख पाने का दुख हो रहा है। इस बीच, इस घटना के राष्ट्रीय विवाद बन जाने से परेशान बैंड की एक सदस्य ने कश्मीर घाटी छोड़ दी है।












Click it and Unblock the Notifications