जानें- आखिर कौन हैं राजनाथ सिंह और कैसा है उनका सियासी सफर
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। राजनाथ सिंह को मुकद्दर का सिकंदर कहें या फिर पार्टी में अच्छी छवि वाले नेता, आज भाजपा के नये अध्यक्ष के रूप में उनकी ताजपोशी हुई है। भारतीय जनता पार्टी ने राजनाथ सिंह के नाम पर मुहर लगा दी है। पार्टी में अध्यक्ष पद को लेकर काफी घमासान चल रहा था। राजनाथ सिंह गाजियाबाद में मौजूद थे तभी मंगलवार की रात लगभग 8 बजे उनके पास पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों का फोन आया और उन्हें फौरन बैठक में बुला लिया गया। तबतक यह साफ हो चुका था कि राजनाथ सिंह का नाम पार्टी अध्यक्ष के लिसे आगे बढ़ा दिया गया है और उसपर सहमति भी हो गई है। आरएसएस ने भी राजनाथ सिंह के नाम पर मुहर लगा दी। मालूम हो कि इससे पहले भी राजनाथ सिंह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। तो आईए विस्तार से चर्चा करते हैं कि आखिर कौन हैं राजनाथ सिंह और कैसा रहा है उनका सियासी सफर।

राजनाथ सिंह का जन्म 10 जुलाई 1951 में एक साधारण परिवार में हुआ था। 62 वर्षीय राजनाथ सिंह का वर्ष 1974 में जनसंघ के जिला सचिव पद से शुरू राजनीतिक सफर शुरु क्या हुआ उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। आरएसएस के स्वयंसेवक से लेकर विद्यार्थी परिषद और भारतीय जनता युवा मोर्चा के शीर्ष पदों पर रहते हुए उन्होंने अपनी अनूठी कार्यशैली की छाप भी छोड़ी। भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के सफर में उन्होंने युवाओं को भाजपा के पक्ष में एकजुट किया।
राजनाथ सिंह की क्षमताओं का सही आंकलन उस वक्त हुआ जब कल्याण सिंह के मुख्यमंत्रित्व काल में वो बतौर शिक्षा मंत्री नियुक्त किये गये। उन्होंने यूपी बोर्ड परिक्षाओं में नकल पर नकेल कस अपनी अलग पहचान बना ली। 24 अक्टूबर 2000 में उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लिया। दो वर्ष से भी कम अवधि वाले मुख्यमंत्रित्व काल में राजनाथ सिंह को सामाजिक न्याय समिति गठित कर अति दलितों व अति पिछड़ों के लिए आरक्षण कोटा तय कराने के प्रयासों की खातिर याद किया जाता है।
उसके बाद राजनाथ सिंह केंद्र में कृषि और भूतल परिवहन मंत्रालय के मंत्री रहे। वर्ष 2005 में पहली बार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। वर्ष 2009 में लोकसभा चुनाव में गाजियाबाद सीट से सांसद के रूप में विजयी होकर उन्होंने निर्वाचन से बचने का आरोप लगाने वाले विरोधियों को करारा जवाब दिया। किसानों के प्रति उनकी हमदर्दी और धोती कुर्ते के ठेठ हिंदुस्तानी पहनावे ने राजनाथ की छवि को भाजपा के सबसे सशक्त किसान नेता के रूप में उभारा।
राजनाथ सिंह: छात्र नेता से राजनेता
सफेद कुर्ता पजामा और चमड़े की चप्पल पहनना बाहर से जितना आसान दिखाई देता है अंदर से यह उतना ही कठिन है। राजनाथ सिंह ने यह पहनावा युवा काल में ही अपना लिया था। राजनाथ सिंह अपने विद्यार्थी जीवन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सक्रिय कार्यकर्ता रहे। वे 1972 में मिर्जापुर शहर के संघकार्यवाहक बने। वर्ष 1967 से 1971 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् गोरखपुर संभाग के संगठन सचिव भी रहे।
तारिखों में राजनाथ सिंह का सियासी सफर
- 1977 में मिर्जापुर से विधायक बने
- 1988 में BJP यूथ विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष
- 1991 में UP की पहली BJP सरकार में शिक्षा मंत्री
- 1994 में राज्यसभा पहुंचे
- 1997 में यूपी में BJP के प्रदेश अध्यक्ष
- 1999 में NDA सरकार में सड़क परिवहन मंत्री
- 2000-2002 तक यूपी के मुख्यमंत्री रहे
- 2005 से 2009 तक BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे
- 2009 में लोकसभा चुनाव के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष












Click it and Unblock the Notifications