पाक में तोड़ा गया सौ साल पुराना मंदिर, प्रशासन ने किया इंकार

पाकिस्तान हिंदू काउंसिल ने रविवार को कराची में प्रेस क्लब के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। गौरतलब है कि सोल्जियर बाजार में स्थित श्रीराम मंदिर को उस समय ढहाया गया जब मंदिर को ढहाने से रोकने के लिए याचिका पर सुनवाई चल रही है। यह मामला कराची की एक अदालत में लंबित है। मंदिर को ढहाने के साथ ही आसपास स्थित हिंदुओं के चालीस मकान भी ढहा दिये। जिससे लोगों को खुले में जीवन गुजारना पड़ रहा है।
इस पर वहां के नागरिकों में प्रशासन के उदासीन होने के कारण रोष है। इस पर पुलिस उपाधीक्षक परवेज इकबाल का कहना है कि हमने किसी भी मंदिर को नहीं ढहाया है। सच तो यह है कि वहां कोई मंदिर था ही नहीं। वहां कुछ हिंदू देवी देवताओं की प्रतिमाएं थी लेकिन हमने उन्हें सुरक्षित स्थान पर रख दिया है। हमें अतिक्रमण हटाने के आदेश थे हमने बस वही किया। घर तोड़ने की बात पर उन्होने कहा कि हमने उन्हें वहां से हट जाने का पूरा वक्त दिया और किसी को चोट नहीं पहुचाई बल्कि उन लोगों ने हम पर पथराव किया।
इस पर मंदिर में रहने वाले महाराज बदरी ने कहा कि हमने कोई अतिक्रमण नहीं किया, हमारे पूर्वज आजादी के पहले से यहां रह रहे थे। पाकिस्तान के प्रशासन ने मंदिरों को तोड़ने की बात से पूरी तरह इंकार किया है। हालांकि पाक हिंदू परिषद ने कहा कि कट्टरपंथी हमेशा से ही हिंदुओं को अपना निशाना बना रहे हैं और इस पर प्रशासन भी खामोश है।












Click it and Unblock the Notifications