बाला साहब की अंतिम यात्रा से बीच में ही लौट आये राज ठाकरे
मुंबई। बाल ठाकरे के भतीजे व महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे बीच से ही बाला साहब की अंतिम यात्रा को छोड़ कर घर चले आये। यह खबर तब आयी जब उनकी शव यात्रा दादर स्थित शिवसेना भवन पहुंचने वाली थी। बताया जा रहा है कि वो सीधे शिवाजी पार्क पहुंचेंगे। अंतिम यात्रा की तस्वीरें।
इसके पीछे कारण कोई भी हों, लेकिन दुनिया के सामने उद्धव और राज के बीच रिश्तों में खटाई उजागर जरूर हो गई है। हुआ यूं कि सुबह 11 बजे जब मातोश्री से बाला साहब की अंतिम यात्रा निकली और परिवार के सदस्य जब उन्हें कंधा दे रहे थे, उस दौरान राज ठाकरे अलग-थलग दिखे। कैमरों की पूरी नजर पार्थिव शरीर पर थी, लेकिन राज ठाकरे उन्हें कंधा देते नहीं दिखे।
खैर हम यह नहीं कहेंगे कि राज ने अपने चाचा बाल ठाकरे को कंधा नहीं दिया, लेकिन हां अंतिम यात्रा में पूरी तरह उनके साथ नहीं रहे यह खबर पक्की है। जिस समय शव यात्रा शिवसेना भवन की ओर बढ़ी उसी समय राज यात्रा से अलग हो गये। मनसे के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि चूंकि यह पूरा आयोजन शिवसेना की ओर से किया गया है, लिहाजा राज उसमें शामिल नहीं हुए।
शिवसेना ने बड़े ही अनोखे ढंग से बाला साहब की अंतिम यात्रा का आयोजन किया। पूरे रास्ते में करीब एक किलोमीटर लंबा कपड़ा लेकर वो रथ के साथ चलते दिखाई दिये। ऊंची इमारतों से यह नजारा सड़क पर रेंगते हुए भगवा रंग के एक सांप जैसा प्रतीत हो रहा था।
देखें ठाकरे की अंतिम यात्रा की एक्सक्लूसिव तस्वीरें-













Click it and Unblock the Notifications