अरे ये क्या! अन्ना ने कांग्रेस नेता के घर में खोला दफ्तर
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। मकान नंबर-18, सर्वोदय एनक्लेव, दिल्ली जी हां अब ये समाजसेवी अन्ना हजारे का नया पता है क्योंकि अन्ना हजारे ने अब यहां अपना दफ्तर खोल दिया है। मगर आप यह जानकर चौंक जायेंगे कि कांग्रेस की धुर विरोधी रहे समाजसेवी अन्ना हजारे ने जिस घर में अपना दफ्तर खोला है वो कांग्रेस नेता का है। उस कांग्रेस नेता का नाम है महेश शर्मा। महेश शर्मा ने पिछले नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था।

यह जानकारी रेसीडेंट वेलफेयर सोसायटी (RWA) की वाइस प्रेसीडेंट पायल अग्रवाल ने दी है। वहीं महेश शर्मा ने किसी भी पार्टी से संबंध होने की बात का खंडन किया है। वहीं अन्ना हजारे और अरविंद केजरीवाल की राहें जब अलग हुईं थी तो इस बात पर विवाद शुरु हो गया था कि जिस बैनर तले (इंडिया अगेंस्ट करप्शन) आंदोलन शुरु की गई तो उसकी कमान किसके हाथ में रहेगी।
अब यह साफ हो गया है कि इंडिया अगेंस्ट करप्शन का नाम अन्ना हजारे ही प्रयोग करेंगे नाकि अरविंद केजरीवाल। हालांकि केजरीवाल ने बिना किसी रोकटोक के इस बात को स्वीकार भी कर लिया है। मालूम हो कि अन्ना हजारे ने केंद्र सरकार को चेतावनी दी है। कहा है कि 2014 के आम चुनाव के पहले मजबूत लोकपाल बिल पास नहीं किया गया तो वह फिर अनशन करेंगे। अन्ना ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि 13 अगस्त को रामलीला मैदान पर उपवास के दौरान सिंह ने वादा किया था और कहा था कि वे सख्त लोकपाल बिल लाएंगे। लेकिन सरकार ने ऐसा नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपना वादा निभाते हैं तो वे उपवास नहीं करेंगे। लेकिन वादे से पीछे हटेंगे तो रामलीला मैदान पर फिर अनशन होगा।












Click it and Unblock the Notifications