खुद को नपुंसक बताते हुए पिता ने की मासूम की हत्या

एसएसपी अलीगढ़ पीयूष मोडिय़ा के अनुसार खैर थानान्तर्गत मलिक गांव का रहने वाला किसान बबलू(30) उर्फ सुखराम पिछले कुछ दिनों से तनाव में रहता था। उसके तनाव का कारण उसका पिता बनना था। गांव वालों के अनुसार ढाई साल पहले बबलू का विवाह पड़ोस के गांव भमोती की चंचल(28) से हुआ था। शादी के कुछ समय बाद तक तो दोनों खुशी-खुशी रह रहे थे इसी बीच 9 माह पूर्व चंचल ने एक बेटे को जन्म दिया। बेटे के जन्म के बाद से ही बबलू पत्नी के चाल-चलन पर शक करने लगा। उसको ऐसा लगता था कि चंचल ने जिस बेटे का जन्म दिया है वह उसका नहीं है। बबलू खुद को नपुंसक मानता था। इस बात को लेकर बब्लू मानसिक से तनाव में रहने लगा था और अक्सर पत्नी से झगड़ा करता रहता था।
शुक्रवार को देर रात बब्लू शराब के नशे में घर पहुंचा। पत्नी चंचल बेटे को दूध पिला रही थी। पत्नी की गोद में बच्चे को देखते बब्लू अपना आपा खो बैठा और उसने तमंचा निकाला और चंचल की गोद में मौजूद बेटे को गोली मार दी। गोली 9 माह के बच्चे के सिर पर चीरती हुई चंचल के हाथ में लगी। गोली लगने से मासूम की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि चंचल घायल हो गयी। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने घायल चंचल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी बब्लू को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से वारदात में प्रयुक्त हुआ तमंचा भी बरामद कर लिया है। बबलू ने पुलिस को बताया कि वह नपुंसक है और जो बच्चा चंचल को हुआ था वह उसका नहीं इसी कारण उसने बच्चे की हत्या कर दी। अब पुलिस यह पता लगाने की तैयारी में है कि बबलू की बात में कितनी सच्चाई है इसके लिए पुलिस अब उसका मेडिकल परीक्षण कराने की बात कह रही है।












Click it and Unblock the Notifications