राहुल गांधी ने कहा गुटबाजी से दूर रहें कार्यकर्ता

अमेठी में शुकुलबाजार स्थित केसी इंटर कालेज में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में राहुल ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इसके लिए केन्द्रीय नेतृत्व कार्ययोजना बना रहा है और जल्द ही कुछ सख्त कदम उठाए जाएंगे जिसके लिये सभी को तैयार रहना होगा।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की खबरें मिल रही हैं कि पार्टी के कुछ कार्यकर्ता व पदाधिकारी गुटबाजी में लिप्त हैं वे इसे छोड़ दें। उन्होंने सख्ती भरे लहजे में कहा कि पार्टी नेतृत्व किसी भी प्रकार की गुटबाजी को बर्दाश्त नहीं करेगा। श्री गांधी ने कहा कि वर्ष 2014 का लोकसभा चुनाव करीब है, उसके लिये अभी से जुटना होगा।
उन्होंने कहा कि जो गुजर गया उसे भूल जाइये नयी शुरुआत कीजिये। राहुल ने कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि ग्रामीण इलाकों में जाकर लोगों को केन्द्र सरकार की योजनाओं की जानकारी दें और बताएं कि कांग्रेस की सरकार किस प्रकार जनता के हितों में योजनाएं बना रही है।
उन्होंने कहा कि हम जनता के लिये काम करते हैं लेकिन उसका श्रेय कोई और ही ले जाता है. हमें ऐसे लोगों से सावधान रहना होगा। बैठक में कार्यकर्ताओं के क्षेत्र में विकास नहीं होने, बिजली तथा पानी की समस्या होने तथा सड़कें टूटने की शिकायत पर राहुल ने कहा कि यूपी में हमारी सरकार नहीं है। उन्होंने कहा कि दिल्ली से बजट भेजा जाता है लेकिन उसका प्रदेश में सदुपयोग नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा कि चाहे मनरेगा हो, सड़क की बात हो या फिर राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन हो। सबका एक ही हाल है। इसी वजह से क्षेत्र का विकास प्रभावित हो रहा है। राहुल ने कहा कि अन्य राज्यों में मनरेगा के अच्छे नतीजे आ रहे हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश इसके नजीते अच्छे नहीं हैं।
सांसद निधि का धन खर्च नहीं किये जाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि उन्होंने ब्लाक स्तर पर एक कमेटी बना दी है, जिसके माध्यम से सांसद निधि का धन खर्च किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मालविका स्टील फैक्ट्री, रेल कोच फैक्ट्री और आर्डिनेंस फैक्ट्री के माध्यम से यहां के लोगों को रोजगार देकर अमेटी की जनता की बेरोजगारी दूर की जाएगी। हालांकि उनकी बैठक में कुछ कार्यकर्ताओं की नाराजगी भी देखने को मिली। यह वही कार्यकर्ता थे जो बैठक से वंचित रह गए थे।












Click it and Unblock the Notifications