'अगला प्रधानमंत्री तीसरे मोर्चे का ही होगा'

चौटाला ने कहा कि कांग्रेस ने दिल्ली में रैली करके देश की जनता को क्या संदेश दिया यह सभी की समझ से बाहर की बात है। सत्तापक्ष की रैली में केवल जनहित की घोषणाओं की अपेक्षा की जाती है, लेकिन कांग्रेस ने बिजली, पानी, रसोई गैस, महंगाई, कानून व्यवस्था व रोजगार संबंधी कोई भी घोषणा न करके रैली में पहुंचे लोगों को मायूस किया। उन्होंने बताया कि देश में 27 लाख करोड़ का व्यापार होता है जिसमें से 85 प्रतिशत का व्यापार रिटेल के छोटे दुकानदार करते हैं।
एफडीआई लागू हुई तो वालमार्ट जैसी बड़ी कम्पनी छोटे दुकानदारों का धन्धा चौपट कर देगी जिससे बेरोज़गारी फैलेगी। चौटाला ने कहा कि कांग्रेस सरकार एफडीआई के जरिए विदेशों में जमा कालेधन को सफेद करने की मंशा से काम कर रही है।
दोनों हाथों से पैसा बटोर रही कांग्रेस
इनेलो प्रमुख ने कहा कि कांग्रेस सरकार देश की दौलत को दोनों हाथों से लूट रही है। लोग सरकारी भ्रष्टाचार से इतने तंग आ चुके हैं कि भविष्य में जहां-जहां चुनाव होंगे वहां-वहां कांग्रेस का नाम लेवा भी नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा प्रजातान्त्रिक देश है, लेकिन कांग्रेस का इस प्रणाली में कोई विश्वास नहीं है। कांग्रेस पूंजीपति व्यवस्था में विश्वास रखती है व बड़े घरानों के धन से राज बनाती व चलाती है। हरियाणा की मिशाल देते हुए उन्होंने बताया कि पूंजीपतियों के धन से ही 40 से 53 विधायक हो गए। कांग्रेस सरकार गरीबों को ज्यादा कमजोर करने का खेल खेलती है ताकि वे उसके रहमो कर्म पर रहें।
उन्होंने महंगाई बढऩे का मुख्य कारण बार-बार डीजल के दामों में की जाने वाली बढ़ौतरी को बताया। चौटाला ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा व उनके सहयोगी पूरी तरह से प्रॉपर्टी डीलिंग का धंधा कर रहे हैं और उनका प्रदेश की कानून व्यवस्था और लोगों की जानमाल की सुरक्षा से कोई वास्ता नहीं है। उन्होंने विनोद शर्मा व उनके पुत्र की कम्पनियों पर भी जमकर प्रहार किए और कहा कि इनकी सभी कम्पनियां कहीं न कहीं व किसी न किसी तरह अप्रत्यक्ष तौर पर मुख्यमंत्री से जुड़ी हुई हैं।
गडकरी मामले से पल्ला झाड़ा
एक प्रश्र के उत्तर में उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष गडकरी के विवेकानन्द व दाऊद के संबंध में दिए गए बयान में ऐसा कुछ भी नहीं है जिस पर बवाल खड़ा किया जाए। उन्होंने एनडीए का हिस्सा बनने से भी साफ इन्कार किया। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि थलसेना के पूर्व जनरल वीके सिंह की सोच बहुत ऊंची है और यदि वे राजनीति में आते हैं तो यह उनकी अपनी इच्छा पर निर्भर करेगा। उन्हें कोई प्रेरित नहीं कर सकता। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अगर वह इनेलो में आते हैं तो हम उनके आगे नतमस्तक हैं।
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के दामाद राबर्ट वाडेरा के जमीनी मामलों की जांच सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान जज से कराई जानी चाहिए। यदि वर्तमान सरकार जांच नहीं करवानी चाहती है तो इनेलो सत्ता में आने पर जांच कराकर दूध का दूध पानी का पानी करेगी। उन्होंने सभी को दीपावली की शुभ कामनाएं भी दी। इस अवसर पर जिला प्रधान उमेद सिंह लोहान, पूर्ण सिंह डाबड़ा, धारा सिंह, सतबीर वर्मा, हनुमान ऐरन, रमेश चुघ एवं जिला प्रवक्ता राजमल आदि मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications