लखनऊ में इंजीनियरिंग छात्रा को ट्रक ने रौंदा

करीब एक घंटे तक चले जाम को साफ कराने के लिए पुलिस बल मौके पर पहुंच गया लेकिन छात्र किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे। पुलिस ने किसी प्रकार उन्हें समझा बुझाकर शांत कराया। उधर चिनहट इलाके में अनियंत्रित ट्रक घर में जा घुसा जिससे ट्रक में सवार तीन लोग घायल हो गये।
तालकटोरा के एग्रो कलोनी निवासी यूपी स्टेट एग्रो इंडस्ट्रियल लिमिटेड इलाहाबाद में कार्यालय सहायक के पद पर तैनात राजेश्वर प्रसाद की बेटी रुचि (20) गुरूवार की सुबह अपनी दोस्त विभूतिखण्ड निवासी ज्योति के साथ स्कूटी से एमसी सक्सेना इंजीनियरिंग कॉलेज जा रही थी। दोनों छात्राएं इंजीनियरिंग तृतीय वर्ष की छात्राएं थीं।
बालागंज स्थित सफेद मस्जिद के पास पहुंची उसी समय पीछे से तेज रफ्तार नगर निगम ट्रक ने उनकी गाड़ी पर टक्कर मार दी जिसमें दोनों छात्राएं दूर जा गिरी और उनमें से रुचि ट्रक के पहिये के नीचे आ गयी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। दुर्घटना में ज्योति को भी गंभीर चोटें आयीं उसे निकट के निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गम्भीर बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही रुचि के कालेज के साथियों ने घटनास्थल पर जाना चाहा तो कालेज प्रसाशन ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। गुस्साए छात्रों ने क्लास रूम और ऑफिस में तोड़ फोड़ शुरू कर दी तो कालेज प्रशासन ने उन्हें बाहर जाने की इजाजत दे दी। आक्रोशित छात्रों और शिक्षकों ने हरदोई रोड को जाम कर दी। प्रदर्शन तीन घण्टे तक चलता रहा इस दौरान कई प्रशासनिक अफसर मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद छात्रों को समझा बुझाकर शांत कराया। आरोपी चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
उधर चिनहट में भी एक सड़क दुर्घटना हुई जिसमें जानकीपुरम के रहने वाले संतोष शुक्ला देर रात अपने दो चालक धमेन्द्र और राजेश के साथ ट्रक लेकर चिनहट की तरफ जा रहा था। उसकी गाड़ी के सामने अचानक आटो आयी जिसे बचाने के लिए संतोष ने ट्रक को बायीं ओर मोड़ दिया जिस कारण ट्रक मटियारी चौराहे के पास मिस्वाउद्दीन के घर से जा टकराया। टक्कर होने से ट्रक में सवार तीनों लोग घायल हो गये।












Click it and Unblock the Notifications