ट्रैफिक संभाल रहे होमगार्ड जवान अब बनेंगे बस कंडक्टर

होमगार्ड जवान बनने के बाद उन्हें काम की दिक्कत हो रही थी। दर्जनों की संख्या में होमगार्ड घर पर बैठे बेरोजगारी का सामना कर रहे थे। इस बात को ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम ने एक नयी योजना शुरू की है। योजना के तहत होमगार्ड जवानों को निगम की बसों में संविदा के आधार पर बस कंडक्टर बनाया जाएगा।
फिलहाल देवरिया जिले में यह प्रयोग शुरू हो गया है यदि योजना के नतीजे बेहतर आते हैं तो इसे अन्य जिलों में भी लागू किया जायेगा। पहले चरण में संविदा पर रखे जाने वाले बीस परिचालकों को परिवहन निगम ने कुछ दिनों का प्रशिक्षण कार्य शुरू किया है। निगम अधिकारियों के अनुसार होमगार्ड विभाग ने इसके लिये निगम से बात की और दोनों विभाग इस बात पर राजी हुये कि इंटर पास जवानों को परिचालक के रूप में संविदा पर रखा जाय। योजना की मुख्य बात यह होगी कि संविदा पर जाने वाले होमगार्ड जवानों को दस हजार रूपये की राशि जमानत के तौर पर जमा करानी होगी।
संविदा पर आये जवानों को प्रति एक किलोमीटर पर एक रूपया दिया जायेगा। यदि जवान महीने में पांच हजार किलोमीटर से ज्यादा की यात्रा करते हैं तो उन्हें दो हजार पांच सौ रूपया बोनस तथा पोषाहर भी दिया जायेगा। संविदा पर कार्र्य करने वाले प्रत्येक होमगार्ड जवान को कम से कम साढ़े सात हजार रूपये की कमाई होगी। होमगार्ड इस योजना की जानकारी मिलने के बाद से काफी खुश हैं और उन्हें उम्मीद है कि अब उनकी बेरोजगारी समाप्त हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications