तालिबानी फरमान: महिलाएं बाजार गई तो दोना होगा जुर्माना
सहारनपुर। अभी हाल ही में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में छेड़खानी के खिलाफ पंचायत ने फरमान सुनाते हुए कहा था कि गांव की 40 साल उम्र तक की कोई महिला और युवती बाजार नहीं जाएगी, अब सहारनपुर गांव के 36 बिरादरियों की पंचायत द्वारा तालिबानी फरमान सुनाया गया है। पंचायत ने बाजार में महिलाओं की खरीदारी पर रोक लगा दी है।
पंचायत ने कहा है कि इसका उल्लंघन करने वाले को 500 रूपये जुर्माना के तौर पर देना होगा। यही नहीं अगर खुले में कोई मोबाइल से गाना बजाता पाया गया, तो उसको जुर्माना के रूप में 1500 रूपये देने होंगे। पंचायत ने शराब, गुटखा आदि के सेवन पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। सोमवार को गंगोह ब्लॉक के मुस्लिम गुर्जर बाहुल्य घाटमपुर गांव के मदरसे में आयोजित पंचायत द्वारा यह फरमान सुनाया गया। पंचायत के अध्यक्ष ने बताया कि महिलाएं अब खरीदारी करने के लिए मार्केट नहीं जाएंगी।
पंचायत ने 5-5 व्यक्तियों की एक टीम बनाई हैं, जो गांव में घूमकर इस बात की निगरानी करेंगी, और जो दोषी पाया जाएगा उससे जुर्माना वसूलेंगी। इस नियम का विरोध करने पर दोगुना जुर्माना वसूला जाएगा। पंचायत के नियम के अनुसार महिलाएं घर के बाहर नल से पानी नहीं भर सकेंगी। यह तालिबानी फरमान पूरी तरह से महिला अधिकारों का हनन है।
सहारनपुर के एसएसपी ने इस मामले में कहा कि पंचायती फरमान का मामला उनके संज्ञान में नहीं है। अगर कानून के खिलाफ कुछ भी किया गया है, तो कार्रवाई की जाएगी। इस फैसले पर पंचायत के अध्यक्ष ने कहा कि गांव की छवी को देखते हुए ऐसा किया गया है। कुछ संगठनों ने इसका समर्थन किया है, लेकिन साथ ही कहा है कि यह लोगों पर जबरदस्ती नहीं थोपना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications