मुलायम समेत सपा के सांसदों का संसद भवन पर धरना

सुबह करीब 10 बजे के करीब मुलायम समेत कई सांसद व कार्यकर्ता संसद भवन के गेट नंबर 1 के बाहर पहुंच गये और धरने पर बैठ गये। धरने पर बैठने के बाद सभी ने यूपीए के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
मुलायम ने कहा कि जब तक यूपीए सरकार कोयला घोटाले की जांच सुप्रीम कोर्ट के जज से कराने के आदेश नहीं देते, तब तक वो पीछे नहीं हटेंगे।
हम आपको बता दें कि कुछ दिन पहले तक पार्टी में सोनिया गांधी के बगल की सीट पर बैठने वाले मुलायम ने अचानक पाला बदल लिया है। राष्ट्रपति चुनाव तक कांग्रेस का भरपूर समर्थन करने वाले मुलायम अब कांग्रेस को भ्रष्ट बता रहे हैं।
वैसे सपा के इस सियासी बदलाव पर कोई भी विश्वास नहीं कर रहा है लेकिन सपा ने सरकार से इस मुद्दे पर अपना हाथ छुड़ाने का मन बना लिया है। उसे लग रहा है कि यदि वह इस मुद्दे पर सरकार के साथ खड़ी रही तो अवाम इस कोल आवंटन की कालिख में सपा को भी रंग देगी। इसलिए बदलते राजनीतिक घटना क्रम में उसने अपना पैतरा बदल लिया है।
सूत्र बता रहे हैं कि सपा तीसरे मोर्चे के संभावित गठन और कांग्रेस के हाथ से फिसलती सत्ता के कारण अपनी राजनीतिक जमीन तलाश की कोशिश में है। जिससे तीसरे मोर्चे के गठन में उसकी भागीदारी सुनिश्चित रहे।
गुरुवार को विपक्षियों पार्टियों के जोरदार विरोध के बाद लोकसभा को शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया। वहीं यूपीए को समर्थन दे रही समाजवादी पार्टी ने कोल ब्लॉक आवंटन मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा न्यायधीश से कराने की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications