सितंबर में मूसलाधार बारिश के लिये तैयार रहें

आपको बता दें कि इससे पूर्व मौसम विभाग ने संभावना जताई थी कि प्रशांत महासागर में बनने वाले अल निनो की वजह से सितंबर में कम बारिश होगी। ताजा आकड़ों के आधार पर मौसम विभाग ने कहा है कि अल निनो का खतरा कम हो गया है। इसका प्रभाव मानसून पर नहीं पड़ने वाला। महासागर में तापमान सामान्य बना हुआ है। कृषि सचिव आशीष ने कहा है कि मानसून में सुधार हुआ है, जिससे देश के कुछ क्षेत्रों में खरीफ की बुआई में तेजी आई है। 2012-13 में होने वाले खाद्यान उत्पादन पर उन्होंने कहा कि पिछले साल के 2574.4 लाख टन से थोड़ा कम रहेगा। दालों और मोटे अनाज के उत्पादन में थोड़ी गिरावट आएगी।
सामान्य से 13 फीसदी कम बारिश
मौसम विभाग का कहना है कि 1 जून से 26 अगस्त तक देश में सामान्य से 13 फीसदी कम बारिश हुई है। वहीं 26 अगस्त को देश में सामान्य से 39 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। देश के 70 फीसदी इलाके सामान्य बारिश के दायरे में हैं। मौसम विभाग का मानना है कि राजस्थान और मध्यप्रदेश सामान्य बारिश के दायरे में आ गए हैं। लेकिन बिहार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, गुजरात और मध्य महाराष्ट्र में सूखे जैसे हालात हैं। दक्षिण भारत में केरल और कर्नाटक में सूखे जैसे हालात बने हुए हैं। भारतीय मौसम विभाग के डायरेक्टर डॉ डी एस पई का कहना है कि जून और जुलाई के मुकाबले अगस्त महीने में मॉसनून में अच्छा सुधार हुआ है। हालांकि हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र और पंजाब के कुछ हिस्सों में अभी भी मॉनसून की चाल धीमी है।












Click it and Unblock the Notifications