स्वतंत्रता दिवस: देश में घुसे 14 खूंखार आतंकी, सुरक्षा कड़ी
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राजधानी दिल्ली साहित आसपास के इलाकों में कड़ी सुरक्षा कर दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था ने आतंकी हमलों से निपटने के लिये जमीन से लेकर आसमान तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये हैं। इसी बीच खबर यह भी आ रही है कि आतंकी वारदातों को अंजाम देने के लिये 14 आतंकी देश में घुस आये है और दिल्ली में छुपे हुए हैं। खुफिया विभाग ने यह जानकारी दी है कि राजस्थान और नेपाल के रास्ते कुछ आतंकी देश में घुस आये है और आतंकी हमलों की साजिश कर रहे हैं।

खुफिया विभाग की तरफ से जारी किये गये अलर्ट में कहा गया है कि देश की सीमा में घुसे 14 आतंकी विमान हाईजैक करने की फिराक में है। इस सूचना के बाद से सभी राज्यों को अलर्ट कर दिया गया है और सुरक्षा के चौकस इंतजाम कर दिये गये हैं। सिविल एविएशन ब्यूरो ने सभी हवाई अड्डों की सुरक्षा बढा दी है। एविएशन ब्यूरो ने मुंबई समेत सभी हवाई अड्डों के अधिकारियों को सुर्कलर भेजकर हाई अलर्ट पर रहने को कहा है। खुफिया एजेंसियों को मिली जानकारी के मुताबिक देश में घुसे आतंकियों में एक पायलट भी है। इसका नाम यासिन अल बशर है। कुछ और संदिग्ध आतंकियों के नाम पता चले हैं।
इनमें रूखसाना सुल्ताना अमीन, मुर्तजा मोहम्मद अमीन, सूर्या बेगम, हमीदुल्ला अब्दुल, मसूद और मुद्दसर शामिल हैं। इन आतंकियों में एक शादीशुदा जोडा भी है। ये भी पता चला है कि आतंकियों ने अहमदाबाद से जाली पहचान पत्र भी बनवा लिए हैं। बताया जा रहा है कि आतंकियों ने कुछ हवाई अड्डों की रेकी भी की है। खुफिया विभाग ने हर राज्य के पुलिस को एक गोपनीय कागजात भी भेजे हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि इन कागजातों में आतंकियों से जुडे कुछ अहम सुराग और उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी हो सकती है। फिलहाल दिल्ली में चारों तरफ चेकिंग जारी है और जगह जगह पर भारी पुलिसबल तैनात किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications