आज खत्म होगा बाबा रामदेव का अनशन, जारी रहेगा आंदोलन
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। भ्रष्टाचार और काले धन की मांग को लेकर आंदोलन और अनशन कर रहे योग गुरू बाबा रामदेव आज अपना अनशन समाप्त कर देंगे मगर उनका आंदोलन ऐसे ही जारी रहेगा। बाबा रामदेव ने यह भी दावा किया है कि उनके अगले ऐलान से सरकार हिल जायेगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज 11 बजे अनशन तोड़ने के बाद बाबा सीधे हरिद्वार जायेंगे। आपको बताते चले के बाबा रामदेव इस वक्त भ्रष्टाचार को जड़ से मिटाने और विदेशों में रखे काले धन को वापस लाने की मुहिम में जुटे हुए हैं। वहीं बाबा रामदेव की मानें तो इस आंदोलन में 400 सांसद उनके साथ है। खैर यह बात अलग है कि अभी दो दिन पूर्व ही बाबा ने खुद ही मंच से यह ऐलान किया था कि 225 सांसद उनके साथ हैं। रामदेव ने सरकार को चुनाव से पहले आंदोलन तेज कर देने की धमकी भी दी है।

बाबा ने इस बात का ऐलान किया है कि वह अनशन तोड़ने के बाद ही अपनी नई रणनीति का खुलासा करेंगे। अंबेडकर स्टेडियम में बनी अस्थायी जेल में अपने समर्थकों के साथ डटे बाबा ने यह तो साफ कर दिया है कि भले ही वह अपना अनशन तोड़ रहे हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि भ्रष्टाचार व सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ उनका आंदोलन यहीं समाप्त हो जाएगा। आपको बताते चलें कि सोमवार को काले धन व भ्रष्टाचार के खिलाफ पांच दिन से रामलीला मैदान में अनशन कर रहे योगगुरु बाबा रामदेव ने समर्थकों समेत संसद की ओर कूचकर अपनी ताकत का एहसास कराया था।
दिल्ली पुलिस ने निषेधाज्ञा के उल्लंघन पर बाबा और उनके सैकड़ों समर्थकों को हिरासत में लेकर अंबेडकर स्टेडियम भेज दिया था। देर रात सभी को रिहा कर दिया गया, लेकिन सरकार की मुसीबत बढ़ाते हुए बाबा स्टेडियम में ही डट रहे। बता दें कि कल देश स्वतंत्रता दिवस के जश्न में डूबेगा। प्रधानमंत्री अंबेडकर स्टेडियम के रास्ते से ही निकलकर लाल किले से देश को संबोधित करेंगे। इसी कारण से दिल्ली पुलिस के माथे पर चिंता की लकीरें हैं।












Click it and Unblock the Notifications