अन्ना के निर्देश पर पार्टी बनाने की कोशिशें शुरू

सूत्रों के बताया कि दिल्ली में टीम के कार्यकर्ताओं की एक अहम बैठक हुई जिसमें फैसला लिया गया है कि अन्ना पार्टी दिल्ली में 2013 में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। चूंकि 2014 में लोकसभा चुनाव होना है इसलिए वह विधानसभा चुनाव के जरिए ही राजनीति में प्रवेश करना चाहती है। यानी दिल्ली में चुनाव लड़ना टीम अन्ना के लिए आग के समान होगा जहां उसकी राजनीतिक जमीन की खोज शुरू होगी। यदि दिल्ली में टीम अन्ना को सफलता मिल जाती है तो टीम देशभर में चुनाव लड़ने की रणनीति बनाएगी नहीं तो टीम अन्ना राजनीति के पहले ही गलियारे में दम तोड़ देगी।
सूत्रों ने बताया कि टीम के सदस्य दिल्ली में इसलिए विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं क्योंकि यहां के मतदाता काफी जागरूक हैं और हाईटेक भी इसलिए वे दिल्ली के नौजवानों के भरोसे चुनाव में उतरना चाहती है।
आपको बता दें कि इससे पहले टीम अन्ना के सदस्य रहे अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा था कि अगर अन्ना कहें तो राजनीतिक पार्टी बनाने का फैसला तुरंत वापस भी वे ले लेंगे। उन्होंने लिखा, राजनीतिक पार्टी बनाने का फैसला सबसे पहले अन्ना ने ही लिया था। अन्ना के कहने के बाद ही राजनीतिक पार्टी बनाने का फैसला लिया गया है। वैसे अभी भी राजनीति में उतरने को लेकर कयासबाजियों का दौर चल रहा है और कुछ लोगों का कहना है कि टीम अन्ना के सदस्य अभी भी असमंजस में हैं।
मालूम हो कि जंतर मंतर के आंदोलन के आखिरी दिन ये तय किया था कि अन्ना के सहयोगी अब राजनीतिक पार्टी बनाएंगे। लेकिन बाद में इस तरह की खबरें भी आईं कि अन्ना राजनीतिक विकल्प तैयार करने के अपने सहयोगियों के फैसले पर सहमत नहीं थे लेकिन दबाव के आगे उन्हें झुकना पड़ा।


Click it and Unblock the Notifications
