कांडा की जमानत याचिका खारिज, सिरसा में छापेमारी

पुलिस दल ने विमान परिचारिका गीतिका शर्मा के आत्महत्या मामले में बुधवार रात हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल कांडा के महलनुमा निवास समेत उनके यहां स्थित प्रतिष्ठानों में छापामारी की। पुलिस ने बुधवार मध्यराधि में सिरसा पहुंचने के बाद छापेमारी की कार्रवाई की। पुलिस ने फरार चल रहे कांडा के परशुराम चौक स्थित शू-कैंप नामक कार्यालय में छानबीन की। इसके अलावा पुलिस दल ने कांडा के रानिया रोड के निवास और शहर के बाहरी इलाके में स्थित एमडीके इंटरनेशनल स्कूल परिसरों में भी जांच-पड़ताल की। यह स्कूल कुछ समय पहले ही शुरू किया गया है। दिल्ली पुलिस में सहायक आयुक्त ए मोहम्मद के नेतृत्व में पांच अन्य पुलिस अधिकारियों ने कांडा के आवास में एक घंटे से ज्यादा समय तक छानबीन की।
पुलिस दल ने कांडा की तलाश में यह छापामारी की है। गीतिका शर्मा की आत्महत्या के सिलसिले में कांडा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि बुधवार को कांडा को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन वह पुलिस के सामने हाजिर नहीं हुये। पुलिस ने बताया कि वह 'फरार' हैं और उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट हासिल करने की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है। पुलिस ने कांडा के निवास पर पहुंचे मीडियाकर्मियों के सवालों का जबाव या प्रतिक्रिया देने से इंकार कर दिया। इस बीच कांडा ने पूर्व एयरहोस्टेस गीतिका शर्मा आत्महत्या मामले में अपनी गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए यहां दिल्ली की एक अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की। याचिका पर सत्र न्यायाधीश ने आज शाम चार बजे तक के लिये अपना आदेश सुरक्षित कर लिया।
कांडा के वकील केटीएस तुलसी ने अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश रजनीश भटनागर की अदालत में याचिका दायर करते हुए कहा कि गीतिका के आत्महत्या से पहले लिखे गये पत्र से पता चलता है कि उसके मन में जलन और उनके मुवक्किल के खिलाफ प्यार और घृणा की मिली जुली भावना थी। याचिका में कांडा की ओर से कहा गया है, ''गीतिका ने कहीं भी यह नहीं कहा कि मैंने उसे आत्महत्या के लिये उकसाया था।' तुलसी ने गीतिका के चार अगस्त के नोट का हवाला देते हुए कहा कि उसमें उसने कहा है कि वह भीतर तक हिल गयी है क्योकि उसके साथ विश्वासघात किया गया है और कांडा ''धोखेबाज' है। गीतिका ने कांडा तथा उसकी सहायक अरुणा चड्ढा को उसकी मौत के लिये जिम्मेदार ठहराया है।
उन्होंने कहा कि नोट से पता चलता है कि वह मानसिक रूप से अशांत थी। तुलसी ने गीतिका के एक अन्य पत्र का हवाला दिया जिसमें उसने कहा है, ''गोपाल धोखेबाज है। उसकी हमेशा लड़कियों पर बुरी नजर रहती है। उसे शर्मिंदगी का कोई अहसास नहीं है और न ही कोई अपराधबोध है.. उसके एक और लड़की से नाजायज संबंध हैं और उससे एक बच्चा भी है। तुलसी ने कहा कि इससे पता चलता है कि कांडा के अन्य लड़कियों से ताल्लुकात से गीतिका को जलन होती थी और पीडि़त का भावनात्मक लगाव था और उससे संबंध बनाना चाहती थी लेकिन वह इच्छुक नहीं था। कांडा की फर्म में काम कर चुकी गीतिका का जिक्र करते हुए तुलसी ने कहा, ''हो सकता है कि उसने अपने को ठुकराया हुआ महसूस किया हो।'
कांडा के फरार होने पर नूपुर मेहता ने उठाए सवाल
एयरहोस्टेस गीतिका शर्मा की आत्महत्या के मामले में एक नया किरदार सामने आया है। बॉलीवुड फिल्मों में अभिनय करने वाली नूपुर मेहता ने कहा है कि गोपाल कांडा की फरारी साबित करती है कि दाल में कुछ काला है। हैदराबाद में एक निजी टीवी चैनल से बातचीत करते हुए नूपुर मेहता ने कहा कि वह कांडा की कंपनी एमडीएलआर में काम कर चुकीं हैं। नूपुर ने कहा कि वह गीतिका को जानती थीं।
गौरतलब है कि नूपुर मेहता और गीतिका के बीच गोवा में 2009 में झगड़ा हुआ था। गीतिका ने मेहता पर चोरी का आरोप लगाते हुए मामला भी दर्ज कराया था। लेकिन नूपुर ने कहा कि गीतिका के साथ जो कुछ भी हुआ, वह गलत हुआ। गौरतलब है कि नूपुर मेहता का नाम कुछ महीने पहले क्रिकेट में मैच फिक्सिंग के सिलसिले में सामने आया था। हालांकि, तब मेहता ने मैच फिक्सिंग में अपनी भूमिका से इनकार किया था। नूपुर का नाम कुछ क्रिकेटरों से भी जुड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications