मेट्रो स्टेशन बनाने का विरोध कर रहे हैं खुर्शीद

पूर्वी दिल्ली से सांसद संदीप ने शीला को पत्र लिखकर मांग की है कि जामिया परिसर के निकट प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन को बनाए जाने के फैसले को बरकरार रखने के लिए वह डीएमआरसी से कहें। संदीप मुख्यमंत्री के बेटे भी हैं। संदीप ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि मुझे पता चला है कि जामिया इलाके में प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन का स्थान बदलने के कुछ सुझाव आए हैं। यह संभव नहीं है।
यह स्टेशन आसपास के इलाकों के लोगों के लिए जरूरी है। आपसे आग्रह है कि आप डीएमआरसी से कहें कि मेट्रो स्टेशन के स्थान में कोई बदलाव नहीं किया जाए। अखबारों में खबर आई थी कि खुर्शीद और नजीब जंग ने यह कहते हुए प्रस्तावित स्टेशन का विरोध किया है कि इससे केंद्रीय विश्वविद्यालय की सुंदरता प्रभावित होगी।
जनकपुरी-पश्चिम से कालिंदी कुंज कोरिडोर के तहत जामिया परिसर के निकट मौलाना मोहम्मद अली जौहर मार्ग पर यह स्टेशन प्रस्तावित है। उधर, आसपास के इलाकों बटला हाउस, ओखला गांव और जाकिर नगर के आवसीय कल्याण संगठनों ने स्टेशन का स्थान के बदले जाने के सुझाव का विरोध किया है। जाकिर नगर पश्चिम के आरडब्ल्यूए के परवेज आलम खान ने कहा कि इस स्टेशन का विरोध इलाके के विकास का विरोध है। सभी लोग चाहते हैं कि यहां स्टेशन बनना चाहिए। हम मुख्यमंत्री से दखल की मांग करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications