शिवलिंग पर पैर रख फोटो खिंचाने वाले पर केस दर्ज
इंदौर। फेसबुक पर शिवलिंग की कथित अपमानजनक तस्वीर पोस्ट किए जाने को लेकर इंदौर पुलिस ने युवक के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। ज्ञात हो की बीते दिनों वन इंडिया ने आपको अपने द्वारा प्रकाशित खबर लक्ष्मण ने शिवलिंग पर पैर रख कर खिंचवाया फोटो के माध्यम से अवगत कराया था किस प्रकार पश्चिम बंगाल के आसनसोल जिले में एक युवक ने भगवान शिव का अपमान करते हुए मंदिर में बने शिवलिंग के ऊपर पैर रखकर फोटो खिंचवाई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक का नाम लक्ष्मण है जो पेशे से रेलवे का कॉन्ट्रैक्टर है। लक्ष्मण मुंबई का मूल निवासी है, जो फिलहाल आसनसोल में काम कर रहा है।

इस युवक ने न सिर्फ अपनी फोटो खिंचवाई बल्कि अपनी इस बेवकूफी को सोशल नेटवर्किंग साईट फेसबुक पर अपने चाहने वालों के संग शेयर भी किया था।
जहां युवक द्वारा करी गयी इस हरकत पर लोगों ने कड़ा ऐतराज जताया था। ताजा मिली जानकारी के अनुसार फेसबुक पर शिवलिंग की कथित अपमानजनक तस्वीर पोस्ट किए जाने को लेकर इंदौर पुलिस ने युवक के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर लिया है।
पुलिस उपाधीक्षक (अपराध शाखा) जितेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में मुंबई के किसी लक्ष्मण जॉनसन के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 295 ए (धार्मिक भावनाएं आहत करना) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबद्ध धारा में प्रकरण कायम किया गया है।
उन्होंने बताया कि हमने मामले को विस्तृत जांच के लिए भोपाल की साइबर सेल को भेज दिया है। प्रकरण के असल आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है, जिसने इस तस्वीर को फेसबुक पर पोस्ट किया था।
सिंह के अनुसार, पुलिस को संदेह है कि शिवलिंग की आपत्तिजनक तस्वीर को जिस प्रोफाइल के जरिये फेसबुक पर पोस्ट किया गया था, वह फर्जी भी हो सकती है।
सोशल नेटवर्किंग साइट पर इस तस्वीर को पोस्ट किए जाने को लेकर आपत्ति जताते हुए हिंदू समुदाय के एक संगठन के स्थानीय कार्यकर्ता कल 25 जुलाई को रैली के रूप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचे थे। इन कार्यकर्ताओं ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर इस मामले में पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।












Click it and Unblock the Notifications