यूपी पुलिस ने किया इंसानियत को शर्मसार, शव को जूते से पलटा

प्राप्त जानकारी के अनुसार सीतापुर के रेउसा इलाके के बसंतापुर गांव के बाहर खेत में हत्या कर फेंकी गई लाश की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। मुआवना करने डिप्टी एसपी जयप्रकाश सिंह यादव भी मौके पर पहुंचे। सूचना गांव में फैली तो दर्जनों लोग भी मौके पर पहुंच गये थे। अपने बीच के एक इंसान के कत्ल से दहले हुए लोग पुलिसिया तफ्तीश और इंसाफ पाने की प्रक्रिया का गवाह बनना चाहते थे, लेकिन खाकी वर्दी और डीएसपी साहब के कंधों पर टके तीन सितारों के दंभ के आगे आम लोगों की भीड़ की क्या हैसियत।
डिप्टी एसपी यादव ने पोस्टमार्टम के लिये सील की गई लाश को अपने जूते से ना सिर्फ खोला बल्कि उसको पलटकर देखने की भी कोशिश की। वो यह भी भूल गये कि मौके पर मौजूद मीडियाकर्मी उनकी इस घिनौनी करतूत को कैमरे में कैद कर रहे हैं। इस घटना को लेकर गांव वालों में खासा गुस्सा है। आपको बता दें कि रेउसा इलाके के बसंतापुर गांव के पश्चिम रामकुमार के खेत में सोमवार को मवेशी चरा रहे कुछ लोगों ने पैंतीस वर्षीय एक अज्ञात युवक की लाश पड़ी देखी थी।
इसके बाद अन्य ग्रामीणों को भी जानकारी दी गई थी। ग्रामीणों के मुताबिक, युवक के शरीर पर कई जगह धारदार हथियार से काटे जाने के निशान थे और कपड़े कीचड़ से सने थे। रेउसा पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर शिनाख्त शुरू कर दी है। इस संबंध में एसपी दीपक कुमार का कहना है कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications