संगमा बोले- राष्ट्रपति चुनाव में होगा चमत्कार

राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए के प्रत्याशी पीए संगमा इस समय बिहार में हैं। बिहार के सांसदों और विधायकों से वोट मांग रहे हैं। इसी दौरान जब मीडिया ने उनसे यह पूछा कि कहीं उनकी मेहनत बेकार तो नहीं हो जायेगी, तो जवाब मिला नहीं, क्योंकि इस बार चमत्कार होगा।
प्रचार करने आये संगमा ने कहा, "मुझे सबसे बडे़ विपक्षी दल भाजपा सहित 17 दलों का समर्थन प्राप्त है। मैं आदिवासी के रूप में पूरे देश का उम्मीदवार हूं और लोग अंतरात्मा की आवाज पर वोट देंगे जिससे राष्ट्रपति चुनावों में चमत्कार होगा। इसलिए मैं अपनी जीत के प्रति आश्वस्त हूं। देश की वर्तमान स्थिति को देखते हुए लोग मुझे बदलाव के लिए वोट करेंगे।"
संगमा ने कहा कि बिहार देश के प्रथम राष्ट्रपति डा. राजेंद्र प्रसाद की भूमि है और मुझे यहां आकर मुझे बहुत प्रसन्नता हुई है। लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में इस समय देश में भ्रष्टाचार, महंगाई, निवेश की खस्ता हालत, औद्योगिक उत्पादन में गिरावट की व्यापक समस्या का उल्लेख करते हुए कहा वर्तमान सरकार से लोग बहुत निराश हैं और बदलाव चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि देश को जयप्रकाश नारायण के आंदोलन की तरह एक अन्य आंदोलन की दरकार है। राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में मैंने चुनाव लड़कर जेपी के दूसरे आंदोलन की शुरूआत कर दी है। उन्होंने कहा कि देश में अभी 1977 के पूर्व वाले हालात हैं। वह राजग के घटक दलों के अलावा अन्य पार्टियों से राजनीतिक पार्टी लाइन से हटकर वोट करने की अपील करने आये हैं।












Click it and Unblock the Notifications